संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। स्वास्थ्य विभाग में बीते दिनों निकाली गई दोनों निविदा को निरस्त करने का आदेश सीएमओ कार्यालय पहुंच गया। इसके बाद दोनों निविदा के लिए जैम पोर्टल पर दोबारा से निविदाएं अपलोड की जाएंगी। इससे पूर्व इसकी जांच सीडीओ से कराई जाएगी।
नवंबर माह में स्वास्थ्य विभाग ने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों के सामान की खरीदारी के लिए जैम पोर्टल पर दो निविदाएं अपलोड की थीं। दोनों निविदा में नियम एवं शर्तों को नजरअंदाज कर मनचाही फर्म से खरीदारी के लिए अपलोड करने का आरोप लगा शिकायत की गई। मामले में सीडीओ कुलदीप मीना ने जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त आशुतोष सिंह से जांच कराई। जांच में नियमों को दरकिनार करते हुए मनमानी सामने आने पर सीडीओ ने निविदा निरस्त करने के निर्देश दिए। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर 1.46 करोड़ रुपये की और 40 लाख 24 हजार रुपये के सामान व दवा खरीद के लिए जैम पोर्टल पर अपलोड की गई निविदा निरस्त कर दी गई। अब नए सिरे से दोनों निविदाएं अपलोड की जाएंगी। इसमें जन सामान्य की सहभागिता के लिए निविदा में आइटम वार रेट की बीओक्यू डाली जाएगी। साथ ही यूनिवर्सल कैटेगिरी व कस्टम कैटेगिरी में विड अपलोड की जाएगी। सीएमओ डाॅ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों निविदा निरस्त करने का निर्देश मिल गया है। दोनों निविदा दोबारा निकाली जाएगी। इसके लिए जैम पोर्टल पर अपलोड करने से पूर्व सीडीओ से जांच कराया जाएगा।