संवाद न्यूज एजेंसी
औरंगाबाद। थाना क्षेत्र के गांव खाजपुर में मंगलवार देर शाम मंदिर में चोरी का विरोध करना पुजारी को भारी पड़ गया। चोरी के विरोध पर आरोपी ने पुरोहित की पिटाई कर मौके से फरार हो गया। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीण थाने पहुंचे और हंगामा किया। एसओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।
गांव खाजपुर में चामुंडा मंदिर पर महावीर सिंह पुरोहित के पद पर रहते है। देर शाम महावीर सिंह गांव से मंदिर को आ रहे थे। महावीर सिंह के अनुसार गांव निवासी दो युवक मंदिर परिसर में घुसकर चोरी कर रहे थे। इतने ही वह पहुंच गए और उन्होंने चोरी का विरोध किया। बताया गया की चोरी के विरोध पर गांव निवासी दोनो युवकों ने पुरोहित की बेरहमी से पिटाई कर दी और आरोपी मौके से फरार हो गए। पुरोहित ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में एकत्रित होकर ग्रामीण रात में ही औरंगाबाद थाने पर पहुंचे और दोनों आरोपियों को नामजद करते हुए थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। तब जाकर ग्रामीण थाने से हटे। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। घटना के वक्त आरोपी शराब के नशे में थे। मंदिर में चोरी की बात गलत है।