तेज धूप से बचने के लिए दुपट्टा ओढ़कर जाती छात्राएं। संवाद
बुलंदशहर/बीबीनगर/सलेमपुर। बारिश के बाद फिर से बढ़ते तापमान ने लोगों को उमस से बेहाल कर दिया है। पिछले दो दिन में अधिकतम तापमान में पांच डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, मौसम वैज्ञानिक लगातार आंधी संग बारिश का अनुमान जता रहे हैं।
बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा, वह शुक्रवार को बढ़कर 33 डिग्री सेल्सियस हो गया था। वहीं, शनिवार को दो डिग्री बढ़कर 35 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता 39 फीसदी और हवा की गति 12 से 14 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रही।
शनिवार को तेज धूप होने से सहालग होने के बावजूद दोपहर में बाजारों व सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम रही। पूरा दिन लोगों को चटक धूप का सामना करना पड़ा।
कृषि विज्ञान केंद्र की मौसम वैज्ञानिक डाॅ. रेशु सिंह का कहना है कि धूप के बीच आंशिक बादल भी छा रहे हैं। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद किसान ज्वार, मक्का व अन्य फसलों की तैयारी में जुट गए हैं। इस समय मौसम अनुकूल बना हुआ है।