खुर्जा। सीबीएसई 12वीं कक्षा में कम अंक आने पर 17 वर्षीय लक्ष्य त्यागी घर छोड़कर चला गया। लापता हुए किशोर की परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर तलाश करने की मांग की है।
गवां गांव निवासी दयानंद त्यागी ने बताया कि वह खेती कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। उनका इकलौता बेटा लक्ष्य त्यागी ने इसी साल 12वीं की परीक्षा दी थी। बुधवार को रिजल्ट आया, जिसमें उसके अंक कम आए। ऐसे में वह परेशान हो गया और घर पर गुमसुम रहने लगा। बुधवार शाम को लक्ष्य बिना बताए बाइक लेकर कहीं चला गया।
शाम तक वापस नहीं लौटा तो परिजन चिंतित हो गए। उन्होंने रिश्तेदार व परिचितों से पूछताछ की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पीड़ित परिजन, ग्रामीण और पुलिस लगातार किशोर की तलाश कर रहे हैं लेकिन अभी कोई सुराग हाथ नहीं लगा। थाना प्रभारी का कहना है कि परिजनों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द से जल्द किशोर को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।