खानपुर। क्षेत्र के गांव नगला मायापुर में शनिवार शाम छत पर कपड़े सुखाने गई 13 वर्षीय किशोरी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। किशोरी के पिता ने बिजलीकर्मियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है।
गांव निवासी राकेश कुमार ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि शनिवार शाम उनकी 13 वर्षीय पुत्री गुंजन घर की छत पर कपड़े सुखाने गई थी। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। करंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर छत पर गिर गई। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए।
पीड़ित पिता का आरोप है कि घर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को लेकर पहले भी सुरक्षा की चिंता बनी हुई थी, लेकिन बिजली विभाग के कर्मचारियों ने शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की। बिजलीकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।