औरंगाबाद। अगौता थाना क्षेत्र के गांव निमचाना में बिल वसूलने गई बिजली विभाग की टीम के साथ दो युवकों ने हाथापाई कर पथराव कर दिया और जेई को थप्पड़ मार दिया। घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। जेई ने दो आरोपियों को नामजद करते हुए अगौता थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
अकबरपुर रैना बिजलीघर के जेई सचिन कुमार ने तहरीर देकर बताया कि शनिवार शाम को उनके नेतृत्व में बिजली विभाग की टीम गांव निमचाना में उपभोक्ताओं से बकाया बिल की वसूली करने गई थी। गांव में टीम ने मस्जिद के पास बिल वसूलने का कार्य शुरू किया। मस्जिद वाली गली में राकेश शर्मा के मकान के ऊपर से होकर गुजर रहे सफेद रंग के केबिल से बिजली चोरी होने का संदेह हुआ। इसके बाद मकान में उपस्थित परिजनों की अनुमति लेकर लाइनमैन ने सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़कर केबिल चेक किया। जिस केबिल को चेक किया था, वह केबिल राकेश शर्मा के मकान के पीछे बिजेन्द्र शर्मा के मकान पर लगे मीटर को जा रहा था। केबिल में चोरी न मिलने पर लाइनमैन मकान की छत से नीचे उतर आया।
इस दौरान ही दूसरी गली में लाइनमैन अन्य उपभोक्ताओं से बातें करने लगा। तभी जीतू, बिजेंद्र ने गाली-गलौज करते हुए मौके पर पहुंचकर लाइनमैन समेत सभी कर्मचारियों के साथ हाथापाई कर पथराव शुरू कर दिया। जेई ने उक्त युवक को समझाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने जेई को भी थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद दोनों भाईयों ने बिजली विभाग टीम के साथ मारपीट की। टीम पर पथराव होने से तीन कर्मचारी घायल हो गए। बाद में जेई ने थाना अगौता पहुंचकर दोनों आरोपियों को नामजद करते हुए तहरीर दी। अगौता थाना प्रभारी ने बताया कि जेई द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर आरोपी जीतू और बिजेन्द्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
-