बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की ओर से बुधवार को पुरानी पेंशन समेत 16 सूत्रीय मांगों के समर्थन में बाइक रैली निकाली गई। बाइक रैली जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से शुरू होकर कालाआम होते हुए कलक्ट्रेट पहुंची। जहां पर डीएम सीपी को ज्ञापन दिया गया।
उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदेशीय आह्वान पर अपनी 16 सूत्रीय मांगों के लिए बाइक रैली निकाली गई। संघ की मांगों में पुरानी पेंशन लागू करने, निशुल्क चिकित्सा सुविधा, वित्तविहीन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को समान कार्य के लिए समान वेतन, बोर्ड परीक्षाओं की पारिश्रमिक दरें सीबीएसई के समान देने, शिक्षिकाओं के लिए चाइल्ड केयर लीव में सरलीकरण करना, अवशेष भुगतान, स्थानांतरण प्रक्रिया को सरलीकरण, वर्ष 2014 से बंद सामूहिक बीमा को पुन: चालू किए जाने, सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के रिक्त पदोंं पर नियुक्ति किए जाने समेत अन्य मांग शामिल हैं। इन मांगों को पूरा करने के लिए डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम संबाेधित ज्ञापन भेजा गया है। इस दौरान जिला मंत्री वीर सिंह, कार्यकारी जिला अध्यक्ष मौ. जाकिर और कोषाध्यक्ष मुदित शर्मा समेत संघ के अन्य पदाधिकारी और शिक्षक शामिल रहे।
डीआईओएस कार्यालय पर दिया धरना
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट की ओर से पुरानी पेंशन बहाली के साथ 26 सूत्रीय मांगों को पूरा करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना दिया गया। इस दौरान डीआईओएस शिव कुमार ओझा को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। जिला अध्यक्ष राकेश यादव ने बताया कि हमारी मांगों में पुरानी पेंशन बहाली, सहायता प्राप्त विद्यालयों का राजकीयकरण, लिखित परीक्षा के माध्यम से प्रधानाचार्य की भर्ती, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, भ्रष्टाचार रोकने के लिए ई-फाइलिंग की व्यवस्था, वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक वेतन और सुरक्षा समेत अन्य मांग शामिल हैं। इस मौके पर जिला मंत्री भूपेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष नीरज गोयल, मंडलीय उपाध्यक्ष ब्रजनेश चंद्र शर्मा, शैलेंद्र सिंह, सागर चौधरी, जयंत, राजेश शर्मा, नीलम सागर, अरुणा, गोपाल, नीरज रानी और कामेश गुप्ता समेत अन्य शिक्षक शामिल रहे।