बुलंदशहर। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को जनपद के 72 माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों का अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में सुचारू संचालन, छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना था।
कई विद्यालयों में छत की मरम्मत, चाहरदीवारी, अतिरिक्त कक्षा-कक्ष, बालक-बालिका शौचालय, विद्युत आपूर्ति, रंगाई-पुताई, परिसर की सफाई और खेल मैदान से संबंधित कमियां पाई गईं।
बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अधिकारियों ने विद्यालयों में शिक्षण कार्य, छात्र-शिक्षक उपस्थिति, परिसर की स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, कक्षा-कक्ष, भवन सुरक्षा, चहारदीवारी और खेल मैदान सहित सभी व्यवस्थाओं का स्थलीय सत्यापन किया। विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं की भी जानकारी ली गई।
बीएसए ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अनधिकृत रूप से अनुपस्थित मिले शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सभी कार्मिकों को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने और भविष्य में लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
डीएम कुमार हर्ष ने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेगा और कमियों का केवल संज्ञान नहीं लिया जाएगा, बल्कि उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की भी समीक्षा होगी।
डीएम ने सभी कमियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागाध्यक्षों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए हैं। साथ ही कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध मरम्मत और अनुरक्षण कराने को कहा गया है।