संगीन धाराओं में जेल काट चुके शिक्षक को किया निलंबित
बुलंदशहर। संगीन आपराधिक धाराओं में जेल काट चुके एक शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। एक मामले में शिक्षक की शिकायत मिलने पर एसएसपी के आदेश में जांच पड़ताल के दौरान बात सामने आई, जिसके बाद डीएम के आदेश पर बीएसए ने शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
बेसिक शिक्षा अधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि अनूपशहर क्षेत्र के गांव एचौरा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक प्रवीन कुमार तैनात हैं। अध्यापक पर संगीन आपराधिक धाराआें के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। वह जेल भी काट चुका है और जेल में भी उसने अपना व्यवसाय छिपाकर खुद को खेती करना बताया। अभियोगों की तारीख पर उपस्थिति के दौरान विभाग को जानकारी न देकर अपने विभाग से तथ्य छिपाकर कार्यरत करते हुए वेतन लेता रहा। उन्हाेंने बताया कि इसकी जानकारी भी विभाग को नहीं लगी। गत दिनों किसी व्यक्ति ने एसएसपी को एक शिकायत दी थी। शिकायत मिलने पर जब एसएसपी ने जांच करवाई तो पूरा मामला खुलकर सामने आ गया। इस पूरे प्रकरण से एसएसपी ने डीएम को अवगत करवाया गया। डीएम ने इससे पत्र के माध्यम से अवगत करवाते हुए उक्त शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए। यह आदेश मिलने पर शिक्षक प्रवीन कुमार को प्रथम दृष्टता दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में डिबाई क्षेत्र के कर्णवास स्थित प्राथमिक विद्यालय में सम्बद्ध कर दिया है। इस पूरे प्रकरण की जांच के लिए खंड विकास क्षेत्र बुलंदशहर के एबीएसए को नामित करते हुए आगामी जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। जांच अधिकारी की रिपोर्ट मिलने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ आगामी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।