संवाद न्यूज एजेंसी
छतारी। थाना क्षेत्र के रिसालू गांव के प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक की जातिगत गालीगलौज करने की अमर्यादित वीडियो वायरल हो रही है। इसे लेकर अनुसूचित जाति बेसिक शिक्षक महासभा और रिसालू गांव के पूर्व प्रधान ने पुलिस को शिकायत दी। वहीं, बीएसए ने कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
रिसालू गांव के पूर्व प्रधान रौदास कुमार ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय रिसालू में हेड मास्टर के पद पर कार्यरत विकास कुमार का वीडियो देखा। वीडियो में विकास कुमार जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर रहा है। दलित समाज के लोगों को गाली गलौज कर धमकी दे रहा है। इससे गांव के दलित समाज के लोगों में रोष है। इसके अलावा अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति शिक्षक महासभा के अध्यक्ष जितेंद्र गौतम व अन्य पदाधिकारियों ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को शिकायत दी। उन्होंने विकास कुमार की वायरल वीडियो की निंदा की। सीओ डिबाई रामकरन ने बताया कि मामले में आरोपी विकास के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश जारी है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. लक्ष्मीकांत पाण्डेय ने बताया कि वायरल वीडियो में देखा गया कि पहासू के रिसालू के प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत सहायक अध्यापक विकास कश्यप ने जाति विशेष के लिए घोर आपत्तिजनक एवं अर्मायादित भाषा का प्रयोग किया। इस हरकत से विभाग की छवी धूमिल हुई है। जो शिक्षा विभाग और सरकारी सेवक आचरण नियमावली के विरुद्ध है। इसके चलते विकास कश्यप को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। इस अवधि में विकास कश्यप को उच्च प्राथमिक विद्यालय निजामपुर में संबद्ध किया गया है।