निरीक्षण में अनुपस्थित मिले 14 और शिक्षक, काटा एक-एक दिन का वेतन
बुलंदशहर। बेसिक स्कूलों में शिक्षण कार्य की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए शनिवार को अनूपशहर क्षेत्र के स्कूलों का निरीक्षण किया गया। बीएसए के साथ सभी बीईओ ने अलग-अलग स्कूलों में पहुंचकर वहां संचालित कामकाज के साथ ही शिक्षण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान 14 शिक्षक बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले। इन सभी शिक्षकों का एक-एक दिन का वेतन काटा गया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी वीके शर्मा ने बताया कि विभागीय स्कूलों में शिक्षण के साथ ही अन्य काम काज का बेहतर माहौल तैयार करने के लिए निरीक्षण जारी है। शनिवार को अनूपशहर क्षेत्र के बेसिक स्कूलों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्कूल में शिक्षकों के काम काज के साथ ही एमडीएम की गुणवत्ता जांचने, साफ सफाई के साथ ही पेयजल की व्यवस्था को भी परखा गया। बीएसए व अन्य अधिकारियों ने बच्चों की दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता परखने के लिए कक्षाओं में मौजूद बच्चों से कई सवाल जवाब भी किए। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान गांव पगौना स्थित स्कूल में शिक्षामित्र सवावीर सिंह और अंशु कुमारी अनुपस्थित पाई गईं। गांव मोहरसा स्थित स्कूल में शिक्षामित्र धनेश्वरी देवी और सहायक अध्यापिका पारुल भी अनुपस्थित मिलीं। गांव बरौली स्थित गांव के स्कूल में शिक्षामित्र योगिता और लोकेश कुमार अनुपस्थित मिले। सलामतपुर गांव स्थित स्कूल में शिक्षामित्र लच्छी सिंह और दीपा रानी भी अनुपस्थित मिलीं। गांव मलकपुर स्थित गांव के स्कूल में अनुदेशक अंजू भाटी भी गायब मिलीं। गांव कत्यावली के स्कूल में सहायक अध्यापक हसन अब्बास, शिक्षामित्र शोभना शर्मा और रफीक खान भी अनुपस्थित मिले। गांव बनवारीपुर के स्कूल में सहायक अध्यापक देवेंद्र सिंह और गांव सूजापुर पूठा के स्कूल में शिक्षामित्र नवरत्न सिंह भी अनुपस्थित पाए गए।