बुलंदशहर। टीबी से पीड़ित लोगों को खोजने के लिए चल रहे अभियान के तहत अभी तक सात नए टीबी मरीज मिल चुके हैं। शासन के निर्देश पर टीबी को जड़ से समाप्त करने के लिए अभियान चलाया जा रहा हैं। 24 मार्च तक चलने वाले अभियान को सफल बनाने के लिए एमओआईसी समेत सभी फार्मासिस्ट एवं लैब टेक्नीशियन को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. हेमंत रस्तोगी ने बताया कि टीबी रोगी खोज अभियान के लिए एक लाख 15 हजार 359 लोगों को चिन्हित किया गया है। जिसमें धूम्रपान करने वाले, एल्कोहल का सेवन करने वाले, शुगर, एचआईवी समेत आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर पांच साल पहले इलाज कराने वाले व तीन साल पहले टीबी मरीजों के संपर्क में रहे लोग शामिल हैं।
इन सभी की स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है। अब तक पांच हजार लोगों की स्क्रीनिंग में सात मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इनमें तीन मरीज की बलगम से और चार मरीज एक्सरे जांच में टीबी रोगी मिले। वर्तमान में जिले में 8731 टीबी रोगियों का इलाज चल रहा है। संवाद