जिला प्रदर्शनी के ओपन स्टेज पर डांस कार्यक्रम में गणेश वंदना करते कलाकार। संवाद
बुलंदशहर। जिला प्रदर्शनी के ओपन स्टेज पर सोमवार रात डांस कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें छोटे बच्चों से लेकर युवाओं ने प्रतिभाग कर फिल्मी गानों पर नृत्य किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों का नृत्य देखकर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। सीनियर वर्ग में तरुण और जूनियर में जिया ने बाजी मारी। सभी विजेताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
हिप हॉप डांस एकेडमी से जुड़े बच्चों ने एक-एक कर फिल्मी गानों पर प्रस्तुति दी। टीवी चैनल पर धमाल मचा चुके विनीत खोमचा व यश प्रोपर ने भी प्रस्तुति दी। जिसे देखकर दर्शक तालियां बजाने से अपने आप को नहीं रोक सके। बच्चों ने भक्ति है शक्ति है जन्मों की मुक्ति है.., तम्मा तम्मा लोगे.., ओ माही ओ माही फिल्मी गानों पर एकल और समूह नृत्य किया।
कार्यक्रम संयोजक किशोर कुमार ने बताया कि दो वर्गों में प्रतिभागियों ने नृत्य किया। जिसमें बुलंदशहर जिले के अलावा हापुड़ एवं गाजियाबाद के बच्चों ने भी प्रतिभाग किया। सीनियर में तरुण लहरी प्रथम, राहुल पांपर द्वितीय व मंतसा तीसरे स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग में जिया प्रथम, आदित्य प्रताप द्वितीय व वैष्णवी तीसरे स्थान पर रहे। सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इससे पूर्व किशोर नाइट डांस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदर्शनी उपाध्यक्ष ठाकुर सुनील सिंह, पालिका अध्यक्ष दीप्ति मित्तल, प्रदर्शनी समिति के सदस्य प्रशांत जौहरी, सुधीर शर्मा, रुचि आदि ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान नंद कुमार शर्मा, आदित्य गिरी, विकास शर्मा व मोनी शर्मा आदि मौजूद रहे।