हत्यारोपी छात्र और उसके साथी को भेजा गया बाल सुधार गृह
शिकारपुर। थाना क्षेत्र स्थित सूरजभान सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को कक्षा 10वीं के छात्र की हत्या के आरोपी सहपाठी छात्र और उसके साथी को गिरफ्तार करने के बाद शुक्रवार को चालान कर उन्हें मेरठ स्थित बाल सुधार गृह भेज दिया गया। आरोपी छात्र के पास से उसके चाचा की लाइसेंसी पिस्टल और एक तमंचा बरामद किया गया।
बृहस्पतिवार सुबह नगर स्थित सूरजभान सरस्वती विद्या मंदिर में कक्षा 10वीं के छात्र टारजन की उसकी ही कक्षा में पढ़ने वाले आरोपी छात्र ने लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी थी। साथ ही आरोपी ने इस दौरान स्कूल के प्रधानाचार्य से भी हाथापाई की थी, जिसमें गोली चलने से प्रधानाचार्य बाल-बाल बचे थे। हालांकि, स्कूल प्रशासन ने आरोपी को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस ने उसके पास से उसके चाचा की लाइसेंसी पिस्टल बरामद की थी। साथ ही उसके बैग से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए थे। जांच के दौरान सामने आया था कि उसने पिस्टल को घर से चोरी किया था और उसको बरामद तमंचा कक्षा के ही एक छात्र ने दिया था। पुलिस ने तमंचा देने वाले आरोपी छात्र को भी गिरफ्तार कर देर शाम तक पूछताछ की थी। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर शुक्रवार सुबह बाल सुधार गृह मेरठ भेज दिया। साथ ही पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी छात्र के परिजनों की भी तलाश की जा रही है।
रिटायर्ड फौजी है हत्यारोपी का चाचा, होगी गिरफ्तारी
हत्यारोपी छात्र का चाचा किशनपाल सेना से रिटायर्ड है। वह गांव में ही परिवार के साथ रहता है। बताया गया कि उसके पास अपनी लाइसेंसी पिस्टल भी है, जिसे उन्होंने अपने घर में रखा हुआ था। गौरतलब है कि उक्त पिस्टल को ही आरोपी छात्र ने चोरी कर स्कूल की कक्षा में वारदात को अंजाम दिया है। इसी कारण पुलिस आरोपी किशनपाल के खिलाफ धारा 30 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार करने की तैयारी कर रही है। साथ ही उसके लाइसेंस को भी निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
फरार हैं परिजन दी जा रही है गिरफ्तारी को दबिश
वारदात के बाद से ही पुलिस हत्यारोपी छात्र के परिजनों की तलाश में जुट गई थी। देर रात भी पुलिस ने आरोपियों के घर दबिश दी थी। लेकिन, गांव में आरोपी के घर पर ताला लटका हुआ है और उसके परिजन फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए जल्द ही रिश्तेदारों व अन्य स्थानों पर भी दबिश दी जाएगी।
हत्यारोपी छात्र और उसके साथी को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। आरोपी चाचा किशन पाल के लाइसेंस को निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही 30 आर्म्स एक्ट के तहत उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा। अभी आरोपी के परिजन फरार हैं और घर पर ताला लटका हुआ है। जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
- अखिलेश कुमार गौड़, थाना प्रभारी