अनूपशहर में हुए हादसे में क्षतिग्रस्त वाहन। संवाद
अनूपशहर। बुलंदशहर रोड पर रविवार रात भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मजदूरी करने बदायूं से पंजाब जा रहे परिवार की ईको कार को एक अनियंत्रित टैंकर ने टक्कर मार दी। गनीमत रही कि टैंकर बीच में एक पेड़ होने की वजह से पास की दुकान में घुसने से बच गया। हादसे की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार कई बार घूम गई और उसकी आवाज करीब 200 मीटर दूर तक सुनाई दी।
पान विक्रेता कान्हा सैनी ने बताया कि टैंकर बुलंदशहर की ओर से आ रहा था। जबकि इको कार अनूपशहर की ओर से आ रही थी। टैंकर काफी स्पीड में था, उसने सामने से कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तेज आवाज के साथ चिंगारी भी निकली। कान्हा सैनी ने अपनी दुकान छोड़कर भागकर जान बचाई। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि अगर बीच में पेड़ न होता तो टैंकर सीधा उनकी दुकान में घुस जाता।
टक्कर के बाद टैंकर चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया और घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। ईको कार में कुल नौ लोग सवार थे, जो बदायूं के सहसवान दहगवा गांव के कंचनपुर अतरौली के रहने वाले हैं और पंजाब के डेरी बस्ती, जिला चंडीगढ़ में एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने जा रहे थे। कार सवार नंदकिशोर ने बताया कि उन्होंने दहदवा से तीन अन्य लोगों को साथ लिया था। ईको कार चालक पीतांबर चकती के रहने वाले हैं। हादसे में नंदकिशोर निवासी कंचनपुर अतरौली, उनकी पत्नी मायादेवी, बहन क्रांति, गंगा और दो छोटे बच्चे अंकित (ढाई साल) व शिवम (3 महीने) घायल हो गए। हादसे की सूचना पर भारी संख्या में भीड़ जमा हो गई। सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद कार चालक समेत दो लोगों को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया।