यमुनापुरम स्टेडियम में चल रही प्रतियोगिता के दौरान कडृडी खेलते खिलाड़ी। - संवाद
बुलंदशहर। राष्ट्रीय खेल दिवस को लेकर नगर के यमुनापुरम स्टेडियम में पिछले कई दिनों से चल रही फुटबाल और कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को भी जारी रहा। शनिवार को आयोजित हुए फुटबाल व कबड्डी मैचों में नगर के टांडा स्टेडियम की टीम ने जीत हासिल की। शनिवार को कबड्डी व फुटबाल के तीन-तीन मैच खेले गए। इसमें तीन मैच टांडा की टीम ने जीते।
नगर के यमुनापुरम स्टेडियम में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता का शनिवार को जिला युवा कल्याण एवं प्राविद अधिकारी सलोनी गर्ग ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर विधिवत शुभारंभ किया। साथ ही सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। वहीं, जिला क्रीड़ाधिकारी नवीन कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि का बैज लगाकर स्वागत किया और प्रतियोगिता शुरू करवाई। खेलकूद प्रतियोगिता का संचालन पालिका सभासद सुखदेव शर्मा ने किया। खेलकूद प्रतियोगिता में कबड्डी प्रशिक्षक नेत्रपाल सिंह, जूडो प्रशिक्षक पुनीत आर्य, एथलेटिक्स प्रशिक्षक पूजा, खो-खो प्रशिक्षक अल्पना त्यागी, बॉक्सिंग प्रशिक्षक सचिन शुक्ला, फुटबाल संघ के सचिव चाणक्य यादव और सार्थक, पवन सिंह, सत्येंद्र व अंजना समेत अन्य कोच व खिलाड़ी मौजूद रहे।
जिला क्रीड़ाधिकारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि फुटबाल में पहला मैच नगर के टांडा स्पोर्ट्स स्टेडियम व आजाद पब्लिक स्कूल के बीच हुआ। इसमें टांडा की टीन ने आजाद पब्लिक स्कूल को छह-शून्य से पराजित किया। दूसरा मैच में टांडा की टीम ने सिकंदराबाद की टीम को दो-एक से और डीपीएस स्कूल की टीम ने आजाद पब्लिक स्कूल की टीम को पांच-शून्य से पराजित किया। कबड्डी में पहला मैच नगर के टांडा स्पोर्ट्स स्टेडियम व गांव भटौना क्लब के बीच हुआ। टांडा की टीम ने भटौना क्लब को 42-30 से पराजित किया। इसके बाद शिवचरण इंटर कॉलेज की टीम ने केंद्रीय विद्यालय की टीम को 30-29 से और केंद्रीय विद्यालय की टीम ने एनयूएस की टीम को पराजित किया।