बुलंदशहर। नगर के टांडा स्टेडियम में जिला फुटबाल संघ ने एक दिवसीय फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन कराया। प्रतियोगिता में नगर की टांडा स्टेडियम ने सिकंदराबाद को हराकर विजेता बनी। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने प्रतिभाग किया।
टांडा स्टेडियम में आयोजित हुई एक दिवसीय फुटबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला क्रीड़ाधिकारी नवीन कुमार सिंह और जूडो एसोसिएशन के सचिव कमल यादव ने किया। कार्यकारी अधिकारी कमल यादव ने बताया कि प्रतियोगिता का पहला मैच बीबीनगर और टांडा की टीम के बीच खेला गया। इसमें टांडा की टीम विजेता रही। दूसरे मैच में सिकंदराबाद ने डीएवी की टीम को, तीसरे में महाराजा स्कूल ने बीबीनगर की टीम को और चौथे मैच में डीपीएस की टीम विजेता रही। सेमीफाइनल में टांडा ने डीपीएस की टीम को और सिकंदराबाद ने महाराजा स्कूल की टीम को हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मैच में टांडा की टीम ने सिकंदराबाद की टीम को 2-0 से मात देकर विजेता रही। विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में जिला फुटबॉल सचिव चाणक्य यादव, मैच रेफरी सोहेब व रामबाबू आदि मौजूद रहे।