सोशल डिस्टेंसिंग का रखें ध्यान, घरों में पढ़ें नमाज: डीएम
बुलंदशहर। ईद-उल-जुहा पर कानून और शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए डीएम ने सोमवार देर शाम मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर दिशा निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने समुदाय के सभी लोगों से अपील किया कि कोरोना काल को देखते हुए लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए घरों में ही ईद की नमाज अदा करें। साथ ही कुर्बानी भी घरों में ही करें। इसके अलावा उन्होंने संबंधित विभागों को बिजली-पानी देने के साथ ही नगर पालिका को मस्जिदों के आसपास सफाई रखने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत के सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने मुस्लिम धर्मगुरुओं से कहा कि वह सामूहिक रूप से नमाज अदा न किए जाने के लिए लोगों से अपील करें। साथ ही बकरीद पर सामूहिक कु र्बानी ना करते हुए अपने-अपने घरों में ही कुर्बानी की रस्म अदा करें। कु र्बानी के बाद वेस्ट को खुले में न फेंका जाए और उसे कवर्ड करते हुए जमीन में गहरा गड्ढा खोदकर दबा दिया जाए। अपने साथ-साथ दूसरे संप्रदायों की भावनाओं और संवेदनाओं का ध्यान रखकर त्योहार को मनाया जाए। डीएम ने बकरीद पर विद्युत, पानी, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। शहरी क्षेत्रों में नगर पालिका एवं ग्रामीण स्तर पर पंचायतीराज विभाग द्वारा साफ-सफाई कि विशेष व्यवस्था पहले ही कराई जाए। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। डीएम ने बकरीद पर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी एसडीएम और क्षेत्राधिकारियों को अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक करने का निर्देश दिया।
कंटेनमेंट जोन में पूर्व की तरह रहेगी स्थिति
डीएम ने कंटेनमेंट जोन के संबंध में बताया कि कंटेनमेंट जोन में स्थिति पूर्व की भांति बनी रहेगी। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए ड्यूटी लगाकर व्यवस्था कराई जाए। साथ ही प्रत्येक कंटेनमेंट जोन के लिए राजस्व विभाग के नोडल नामित करते हुए व्यवस्था कराई जाए। वहीं एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने कहा कि त्योहार पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा।