गुलावठी। एसडीएम सदर गजेंद्र सिंह एवं सीओ सिकंदराबाद विकास प्रताप सिंह चौहान ने शुक्रवार को मोहर्रम को लेकर मोहर्रम कमेटी एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक की। बैठक में एसडीएम गजेंद्र सिंह ने कहा कि मोहर्रम के दौरान निकाले जाने वाली ताजियों की ऊंचाई 12 फिट से अधिक नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मोहर्रम पर अखाड़े शांति व सौहार्द से निकालें। तय रूट पर ही ताजिये निकाले जाएं और यदि मार्ग पर कोई विद्युत पोल है तो उसकी सूचना पुलिस व प्रशासन को दें। सीओ विकास प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि मेरठ में कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हुआ था, इसी को देखते हुए ताजिये सड़क पर न रखें जाएं और उनकी ऊंचाई भी ज्यादा न रखी जाए। यदि इसका उल्लंघन होता है और कोई हादसा होता है तो संबंधित कमेटी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जुलूस व अखाड़ों के दौरान तलवार, चाकू, रॉड अन्य घातक हथियारों का उपयोग न किया जाए। बैठक में मुस्लिम समाज के लोगों ने मोहर्रम के दौरान मांस की दुकानें खोलने की मांग की। एसडीएम ने डीएम व एसएसपी से बात करने का आश्वासन दिया। बैठक में अधिकारियों ने प्रिंटिंग प्रेस संचालकों को हिदायत दी कि धर्म विशेष, जाति विशेष व समुदाय विशेष से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री न छापें। इसका उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कोतवाली प्रभारी जयकरण सिंह, भाजपा नगर अध्यक्ष धर्मेंद्र तेवतिया, सपा नगर अध्यक्ष शहजाद अल्वी, इस्लामुद्दीन, इकरामुद्दीन झोझा, अमित सिंहल, शिवकुमार सैनी, वकील, विपिन कुमार, दिलशाद, अजय कुमार, विद्युत विभाग के एसडीओ राधा कृष्ण राम, जेई इन्दल यादव आदि मौजूद रहे। बैठक के बाद एसडीएम, सीओ व कोतवाल ने जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया। रूट मार्च के दौरान अधिकारियों ने अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी। नीची विद्युत लाइनों को दुरूस्त कराने के भी निर्देश एसडीओ को दिए।