खुर्जा। नगर में सोमवार को तीन दिवसीय श्री दिगंबर जैन स्वर्ण रथयात्रा महामहोत्सव शुभारंभ हुआ। रथ यात्रा में केरल, पंजाब के जालंधर व महाराष्ट्र के नासिक की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं यात्रा में महिलाएं समूह नृत्य करते और बैंड बाजों की धुन पर चलती रहीं। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।
आकाश जैन ने बताया कि तीन दिवसीय श्री दिगंबर जैन स्वर्ण रथयात्रा महामहोत्सव का शुभारंभ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ किया गया। इसके बाद रथपात्रों का चयन हुआ। साथ ही सुबह नाै बजे जेवर मार्ग स्थित शारदा जैन अतिथि भवन से रथयात्रा धूमधाम के साथ शुरू की गई।
इसमें सुंदर व मनमोहक झांकियां रहीं। वहीं यात्रा मार्ग पर रंगोली व पुष्प वर्षा कर रथ का स्वागत किया गया। पीछे-पीछे महिलाएं व जैन समाज के लोग नाचते गाते चलते रहे। यात्रा में दो हाथी, घोड़े, पांच ऊंट भी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं, विभिन्न बैंड बाजों और डीजें की धुनाें से माहौल पूरी तरह भक्तिमय रहा।
यात्रा जेवर अड्डा चौराहा, पदम सिंह गेट, फत्तो वाली गेट, कबाड़ी बाजार चौराहा व ककराला होते हुए दाताराम चौक पर समाप्त हुई।
यात्रा के स्वागत के लिए नगर में अलग-अलग समाजसेवियों व संस्थाओं ने शिविर भी लगाए। इस दौरान गोपाल जैन, अनिल जैन, आराध्य जैन, संजय जैन, पूर्व विधायक विजेंद्र सिंह, दीपक गर्ग, राजीव रावत, राहुल सिंह, राम दिवाकर आदि मौजूद रहे।
खुर्जा में निकाली गई जैन स्वर्ण रथ यात्रा में नृत्य करतीं महिलाएं। संवाद
खुर्जा में निकाली गई जैन स्वर्ण रथ यात्रा में नृत्य करतीं महिलाएं। संवाद