बुलंदशहर। जिलें में डेंगू-मलेरिया मरीज मिलने पर मलेरिया विभाग द्वारा डेंगू मच्छर के लार्वा खोजने को अभियान चला रहा है। अभी तक 13 क्षेत्रों से जुड़े गांव में करीब 20 हजार घरों एवं दुकानों में 624 जगह लार्वा मिल चुका है। लार्वा मिलने पर मलेरिया विभाग की टीम ने सभी संबंधित मालिकों को नोटिस देते हुए साफ-सफाई के लिए जागरूक किया। साथ ही संबंधित परिवार के सदस्यों के बुखार पीड़ित मिलने पर सैंपल लेकर डेंगू की जांच कराई। जिले में अभी तक डेंगू के छह केस व चार संदिग्ध मामले मिल चुके हैं।
मौसमी बीमारियों के बाद जिले में डेंगू-मलेरिया ने दस्तक दी। जुलाई माह से स्वास्थ्य विभाग डेंगू समेत अन्य रोगों की रोकथाम में जुटा। इस दौरान मलेरिया विभाग की टीम ने घरों का सर्वे कराना शुरू किया। जिला मलेरिया अधिकारी नज्जार अहमद के अनुसार, प्रतिदिन करीब पांच हजार घरों का सर्वे किया जा रहा है। सर्वे में प्रतिदिन 20 से 30 घरों में डेंगू का लार्वा मिल रहा है। अभी तक 624 घरों में लार्वा मिल चुका है। बताया कि सर्वाधिक लार्वा घरों के कूलरों में मिला है। इसके अलावा नाली, सार्वजनिक स्थानों पर भी लार्वा मिलने पर विभाग की टीमों द्वारा नष्ट करा दिया। सभी 624 घर स्वामियों को नोटिस दिए गए। बताया कि विभागीय टीम के सर्वे कर लार्वा नष्ट किए जाने और लोगों में जागरूकता होने के चलते पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार जिले में डेंगू का असर कम है। बताया कि डेंगू एडीज मच्छर के काटने से होता है, जिससे बचाव जरूरी है। यह मच्छर दिन में काटता और स्थिर एवं साफ पानी में पनपता है। मंगलवार को टीम ने बगसरा गांव में सर्वे किया। इस दौरान लार्वा मिलने पर एंटी लार्वा का छिड़काव कर ग्रामीणों को सफाई के प्रति जागरूक किया।
बुलंदशहर में मिले सर्वाधिक 201 घरों में लार्वा
जिला मलेरिया अधिकारी के अनुसार डेंगू या मलेरिया मरीज मिलने पर टीम को संबंधित के घर और आसपास लार्वा खोजने के लिए भेजा जाता है। जिले में अभी तक 624 घरों में लार्वा मिल चुका है। इसमें सबसे अधिक बुलंदशहर नगरीय क्षेत्र व आसपास जुड़ी मलिन बस्तियों के 201 घरों में लार्वा मिला। जबकि अनूपशहर, डिबाई, नरौरा, अगौता, गुलावठी, खानपुर, बीबीनगर, खुर्जा, सिकंदराबाद, शिकारपुर, छतारी, पहासू, अहमदगढ़ आदि गांव में भी लार्वा मिला है।
डेंगू की रोकथाम के लिए लगातार घरों का सर्वे करा लार्वा खोज उसे नष्ट करवाया जा रहा है। टीम को अभी तक 624 घरों में लार्वा मिला। संबंधित को नोटिस जारी किया गया है। डेंगू को रोकने में सभी अपने घरों के आसपास या घर के अंदर पानी न जमा होने दें। - डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ