बुलंदशहर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत स्वाट और कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने चोरी की वारदात में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी के पास से एक तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद हुई है।
एसएसपी के अपराधियों पर शिकंजा कसने के निर्देश पर बृहस्पतिवार रात स्वाट टीम और नगर पुलिस क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर कोतवाली देहात के गांव दोहली जुलेपुरा निवासी सुरेश सोनी को गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक कारतूस और 3600 रुपये की नकदी बरामद की गई।
सुरेश के खिलाफ कोतवाली नगर में चोरी के तीन मामले दर्ज हैं। वह काफी समय से फरार चल रहा था। उस पर एसएसपी की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।