बुलंदशहर। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी के चुनाव का परिणाम जारी किया जाएगा। इसके लिए सुप्रीम कोर्ट ने आदेश जारी कर दिया है। 17 अप्रैल को हुए चुनाव में अध्यक्ष और सचिव पद की मतगणना के बाद परिणाम सार्वजनिक किया गया था, लेकिन अन्य पदों का परिणाम जारी नहीं किया गया था।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर दो पक्षों में आपसी तालमेल नहीं बन पा रहा था। जिसके चलते अभी तक तीन बार चुनाव कराया जा चुका है, लेकिन इसके बाद भी कार्यकारिणी घोषित नहीं की गई थी। 17 अप्रैल को चुनाव के बाद अध्यक्ष और सचिव पद के लिए मतगणना कराई गई तो अध्यक्ष पद पर सुमन कुमार सिंह राघव और सचिव पद पर अमित चौहान को विजेता घोषित किया गया था। जबकि अन्य पदों पर मतगणना 18 अप्रैल को कराई जानी थी, लेकिन इससे पहले ही हाईकोर्ट की ओर से एक आदेश जारी किया गया था। जिसके बाद मतगणना नहीं कराई गई थी।
अब 17 अप्रैल के चुनाव में अध्यक्ष पद के विजेता सुमन कुमार सिंह राघव की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिए हैं कि कमेटी के शेष पदों के लिए भी परिणाम जारी किए जाएं। ऐसे में अब एल्डर कमेटी की ओर से अन्य पदों पर भी परिणाम जारी किए जाएंगे। अधिवक्ता सुमन कुमार सिंह राघव ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने सभी पदों का परिणाम जारी करने के लिए एल्डर कमेटी को आदेश दिए हैं। परिणाम जारी करते हुए 13 मई से पहले न्यायालय के समक्ष फिर से प्रकरण रखा जाएगा।
दोनों पक्षों ने अलग-अलग एल्डर कमेटी से कराया था चुनाव
एसोसिएशन के पदाधिकारियों के चुनाव को लेकर काफी समय से अधिवक्ताओं के दो पक्षों में सहमति नहीं बन पा रही थी। जिसके चलते दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग एल्डर कमेटी के माध्यम से चुनाव को पूरा कराया गया था, लेकिन इस पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी थी। इसके बाद एक पक्ष की अपील पर हाईकोर्ट ने आठ अप्रैल को जारी नोटिफिकेशन को अवैध मानते हुए चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगा दी थी।