फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सूफियान हत्याकांड : पुलिस की तफ्तीश...जमीन की पैमाइश को लेकर हुआ विवाद, इसके बाद की गई हत्या

विज्ञापन
मृतक सूफियान के जनाजे में उमड़ा जन सैलाब। संवाद
विज्ञापन
बुलंदशहर। सूफियान की हत्या में भले ही घेरकर हमला करने व लूटपाट की तहरीर दी गई हो, लेकिन पुलिस की प्राथमिक जांच में खूनी संघर्ष का कारण 24 बीघा क्षेत्र में फैले बाग की पैमाइश का विवाद सामने आया है। पुलिस जांच में नशे में हुई कहासुनी को वारदात की मुख्य वजह माना जा रहा है।
विज्ञापन

पुलिस के अनुसार, कोतवाली देहात क्षेत्र में हुई घटना की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सूफियान, अकरम और कादिर अली रविवार देर शाम नमाज पढ़ने निकले थे। इसके बाद तीनों नीमखेड़ा गांव के पास स्थित बाग के फ्रंट की पैमाइश करने पहुंच गए। यह बाग बिकाऊ बताया जा रहा है, जिसे खरीदने के लिए कई लोग लगे हैं।
इसी दौरान भाजपा नेता पिंटू चौधरी का भाई बबलू अपनी स्कॉर्पियो से वहां पहुंच गया। उसने सूफियान और अकरम से रात में पैमाइश करने का कारण पूछा। इसको लेकर दोनों भाइयों के साथ उसकी झड़प हो गई। इसके बाद उसने फोन करके गांव से अपने भाइयों पिंटू व भूरा के अलावा तेजपाल व अन्य ग्रामीणों को बुला लिया। सभी बाइक से वहां पहुंचे।
विज्ञापन

उन्होंने पैमाइश को लेकर बातचीत शुरू की तो अकरम ने पिस्टल से हवाई फायर कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। सूफियान ने भागने की कोशिश की तो एक आरोपी ने बाइक से टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद फिर से पिटाई की, जिससे उनकी जान चली गई।


शरीर पर 12 जख्म, हड्डियां चकनाचूर
सोमवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, सूफियान के शरीर पर 12 गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। हमलावरों ने इतनी बेरहमी से पीटा कि सूफियान के सिर की हड्डी चकनाचूर हो गई, जो मौत का मुख्य कारण बनी। हाथ, पैर, कंधे में पीछे की ओर और आंख के पास भी चोटें आईं। घटनास्थल का मंजर भी बेहद खौफनाक था। संघर्ष के दौरान पीड़ित की कार के शीशे ईंट-पत्थरों से तोड़ दिए गए थे। गाड़ी के भीतर रखा सामान सड़क पर बिखरा पड़ा था।
सियासी रसूख और सोशल मीडिया पर उबाल
घटना के बाद आरोपी भाजपा नेता पिंटू चौधरी के कई दिग्गज भाजपा नेताओं व जनप्रतिनिधियों के साथ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। चर्चा है कि इसी सियासी रसूख के कारण आरोपी गांव में दबंगई करते थे।
छावनी में बदला शहर, ड्रोन से नजर
सोमवार को जब सूफियान का शव पोस्टमार्टम के बाद घर लाया गया तो भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इससे पहले यह भीड़ी जिला अस्पताल के बाहर एकत्रित थी। स्थिति को देखते हुए एक एसपी, चार सीओ और कई थानों की फोर्स तैनात की गई। कोई अनहोनी न होने पाए, इसके लिए ड्रोन से नजर रखी गई। साथ ही अधिकारी लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते नजर आए।
सुपुर्द ए खाक के लिए ले जाते वक्त लगा जाम
सूफियान के शव को सोमवार दोपहर करीब दो बजे घर से आवास विकास स्थित कब्रिस्तान ले जाने के लिए जनाजा निकाला गया। इस दौरान दो से तीन हजार लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। पहले कबाड़ी बाजार चौराहे पर जनाजा रखकर नमाज अता की गई। इसके बाद गांधी चौक, बुरा बाजार, शास्त्री पार्क, चारखंभा चौराहा होते हुए कब्रिस्तान ले जाया गया। बुरा बाजार चौराहे पर ट्रैफिक रोक दिया गया। इससे स्याना बस अड्डा और मोतीबाग तिराहे तक वाहनों की कतारें लग गईं।
राजनैतिक पृष्ठभूमि से है पीड़ित परिवार
सूफियान का परिवार राजनैतिक पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखता है। उनके चाचा हाजी अलीम बसपा के टिकट पर वर्ष 2007 व वर्ष 2012 में विधायक रह चुके थे। अक्तूबर 2018 में घर के अंदर गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। सूफियान के दूसरे चाचा हाजी यूनुस सदर ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। मौजूदा समय में उनकी पत्नी ब्लॉक प्रमुख हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में हाजी यूनुस ने सदर सीट से रालोद के टिकट पर चुनाव लड़ा था। उन पर भी चार वर्ष पूर्व देहात कोतवाली क्षेत्र में जानलेवा हमला हो चुका है।
विज्ञापन


प्रारंभिक जांच में पैमाइश के विवाद में वारदात होना सामने आया है। कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।
- दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें