फंदे से लटका मिला युवक का शव, हत्या का आरोप
छतारी। थाना क्षेत्र के गांव चौढे़रा स्थित आम के बाग में पेड़ पर फंदे पर एक युवक का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के खिलाफ कुछ दिन पूर्व एक युवती का अपहरण कर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले में पुलिस ने युवती को बरामद कर आरोपी युवक को हिरासत में लिया था। परिजनों का आरोप है कि पुलिस से साठगांठ कर युवती के परिजनों ने युवक की हत्या कर शव पेड़ पर लटका दिया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पूछताछ करने के बाद आरोपी युवक को छोड़ दिया गया था।
शुक्रवार देर शाम थाना क्षेत्र के गांव चौढ़ेरा स्थित आम के बाग में ग्रामीणों ने ने युवक का शव पेड़ से लटका हुआ देखा। ग्रामीणों को शोर मचाने पर काफी संख्या में लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े। देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर एसपी देहात, सीओ डिबाई वंदना शर्मा, तहसीलदार शिकारपुर नीरज कुमार द्विवेदी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। साथ ही फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। मृतक की पहचान ग्रामीणों ने चौढेरा नगला बंजारा निवासी विक्की (22) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि मृतक विक्की के खिलाफ पांच अप्रैल को गांव के ही एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने 11 अप्रैल को युवक और युवती को पुलिस ने बरामद कर लिया था। मृतक के परिजनों की मानें तो तभी से युवक पुलिस हिरासत में था। उन्होंने पुलिस की साठगांठ से युवती के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए शव पेड़ से नहीं उतारने दिया। बाद में पुलिस के आलाअधिकारियों के समझाने पर पुलिसकर्मियों ने शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पिता ने लगाया बेटे की हत्या का आरोप
पिता का आरोप है कि उसका बेटा पुलिस हिरासत था तो वहां से वह कैसे यहां पहुंचा। साथ युवती के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की। थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार ने बताया कि पूछताछ के लिए युवक को हिरासत में लिया गया था। पूछताछ करने के बाद बृहस्पतिवार को उसे छोड़ दिया गया था। अभी तहरीर नहीं मिली है।
सूचना पर मौके पर पहुंचकर पुलिस और फोरेंसिक की टीम ने जांच की है। तहरीर के आधार पर प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। - भारती सिंह, एसएसपी