मृतक उपनिरीक्षक कुंवरपाल का फाइल फोटो। स्रोत : फाइल फोटो
जहांगीरपुर। थाने पर तैनात उपनिरीक्षक कुंवर पाल (59) शनिवार सुबह अपने किराये के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में मिले। पड़ोसी साथी पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना थाने पर दी। थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने जांच-पड़ताल की और घटना की जानकारी परिजनों को दी।
थाना प्रभारी अनु प्रताप सिंह ने बताया कि मूलरूप से मुरादाबाद जनपद के भरतपुर थाना क्षेत्र स्थित डूगरपुर गांव निवासी कुंवर पाल सिंह (59) वर्ष 1986 में यूपी पुलिस में भर्ती हुए थे। इसके बाद अलग-अलग जनपदों में उनकी तैनाती रही और वर्तमान में जहांगीरपुर थाना में तैनाती चल रही थी।
कुंवर पाल सिंह आसफपुर गांव के मकान में किराये के कमरे में रहते थे। उनके पड़ोस के कमरे में थाने पर तैनात सिपाही रोबिन रहते हैं। शुक्रवार रात आठ बजे के बाद ड्यूटी कर कुंवर पाल रोजाना की तरह अपने कमरे पर चले गए। वहीं, पड़ोसी सिपाही रोबिन की नाइट ड्यूटी थी तो वह शनिवार सुबह साढ़े दस बजे कमरे पर गए।
उन्होंने देखा कि कुंवर पाल का कमरा बाहर से बंद नहीं है तो उनको लगा उपनिरीक्षक अभी ड्यूटी नहीं गए। वह उनसे मिलने कमरे में गए तो कुंवर पाल फर्श पर अचेत अवस्था में पड़े थे और शरीर में अकड़न थी। उन्होंने थाने पर सूचना दी। इसके बाद थाना प्रभारी और अन्य लोग पहुंचे व जांच-पड़ताल की। इसके बाद कुंवर पाल को खुर्जा के कैलाश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
एक साल पहले आए थे थाने पर
थाना प्रभारी ने बताया कि पहले कुंवर पाल सिंह पुलिस लाइन में थे। जहां से 18 सितंबर 2025 को उनकी तैनाती जहांगीरपुर थाने पर हुई थी। एक साल बाद ही उनकी मौत हो गई। जून 2027 में वह सेवानिवृत्त होने वाले थे। उपनिरीक्षक के दो बेटे हैं। परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है, जो जहांगीरपुर के लिए रवाना हो गए हैं।
सीओ खुर्जा शोभित कुमार अत्री का कहना है कि प्रारंभिक जांच में बीपी बढ़ने या अन्य किसी बीमारी के चलते मौत होना सामने आ रहा है। फिलहाल पुलिस टीम सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है।