चोला क्षेत्र में शराब ठेके को हटाने की मांग के लिए धरने पर बैठे छात्र और शिक्षक। संवाद
चोला। विद्यालय के पास ठेके पर शराबियों के उत्पात से परेशान छात्रों ने ठेके को स्थानांतरित किए जाने की मांग को लेकर विद्यालय में धरना दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी व एसडीएम को प्रार्थना पत्र भेजकर ठेके को स्थानांतरित कराने की मांग की।
प्रबंधक सुशील शर्मा ने बताया कि चोला रेलवे स्टेशन के पास सहायता प्राप्त बरखंडी माध्यमिक विद्यालय है। विद्यालय में 40 बच्चे अध्ययनरत हैं। विद्यालय से करीब 50 मीटर की दूरी पर देशी शराब का ठेका है। ठेके पर शराब पीने के बाद अक्सर कुछ शराबी युवक विद्यालय में घुसकर उत्पात मचाते हैं। विरोध करने पर गालीगलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई में व्यवधान उत्पन्न होता है।
उन्होंने बताया कि कई बार स्थानीय पुलिस से शिकायत की गई लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। अफसरों तक अपनी समस्या को पहुंचाने के लिए मजबूरन उन्हें धरना देना पड़ा। बताया कि उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी , एसडीएम को भी प्रार्थना पत्र देते हुए शराब के ठेके को स्थानांतरित किए जाने की मांग की। इस संबंध में छात्र-छात्राओं , शिक्षकों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। एसडीएम रेनू सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी कर समस्या का समाधान किया जाएगा।