प्रताप की मौत पर विलाप करते परिजन।
- फोटो : ब्यूरो
अनूपशहर मार्ग पर शिवाली गांव के पास सोमवार को स्कूल से प्राइवेट बस में लौट रहा कक्षा नौ का छात्र बस की छत से गिरकर एक कार की चपेट में आ गया। छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। छात्र जुगसाना के ग्राम प्रधान का इकलौता पुत्र था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, छात्र की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जुगसाना के ग्राम प्रधान अजय का पुत्र प्रताप हजरतपुर स्थित छत्रपति शिवाजी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र था। वह सोमवार को प्राइवेट बस में सवार होकर गांव लौट रहा था। आरोप है कि बस क्लीनर ने छात्रों को छत पर बैठा दिया।
जब वह शिवाली के पास भट्ठे पर बस से उतर रहा था तो वह अचानक गिर गया। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही कार ने उसे कुचल दिया। प्रताप की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार लेकर भाग गया।
हादसे की सूचना पर परिजन, ग्रामीण और पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।