फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: हड़ताल खत्म होने के चार घंटे बाद भी बिजली-पानी के लिए परेशान रहे लोग

विज्ञापन
विज्ञापन
बुलंदशहर। बिजली निगम कर्मचारियों की हड़ताल रविवार दोपहर करीब तीन बजे समाप्त हो गई, इसके बाद भी करीब चार घंटे तक लोगों को पानी और बिजली नहीं मिल पाई। इससे पहले हड़ताल के कारण चार दिन तक 15 लाख से अधिक लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काला आम चौराहे पर बिजली कटौती के खिलाफ अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया।
विज्ञापन

16 मार्च से बिजली निगम के कर्मचारी मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे थे। जिसके चलते जिले के पांच सौ से अधिक गांव और शहर के 40 हजार से अधिक घरों में पिछले चार दिन से बिजली-पानी के लिए लोगों को परेशान होना पड़ रहा था। रविवार दोपहर करीब तीन बजे लखनऊ में वार्ता होने के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई। इसके बाद बिजली कर्मचारी वापस काम पर लौटे और बिजली सप्लाई चालू कराने के लिए कदम बढ़ाए गए। बारिश और तेज हवा के कारण विभिन्न स्थानों पर हुए लाइनों के फाल्ट को दूर करने के लिए कर्मचारी मैदान में उतरे। शाम करीब पांच बजे नगर के अंसारी रोड और हाइडिल कालोनी बिजलीघर के लिए आ रही 33 केवीए लाइन में फाल्ट को दूर किया गया और बिजली सप्लाई चालू की गई।
निजी खर्च पर जेनरेटर लगवाकर चालू कराई ट्यूबवेल
नगर के मोहल्ला देवीपुरा में पूर्व सभासद योगेश गुप्ता ने लोगों को पेयजल की किल्लत से निजात दिलाने के लिए लगातार तीन दिन तक निजी खर्च पर जेनरेटर लगवाकर ट्यूबवेल का संचालन कराया। योगेश गुप्ता ने बताया कि देवीपुरा प्रथम में तीन दिन तक करीब 4500 रुपये भाड़ा और 10 हजार रुपये से अधिक का डीजल पर खर्च करते हुए लोगों को पेयजल उपलब्ध कराया। बताया कि नगर पालिका की ट्यूबवेल पर लगे जेनरेटर की हालत खराब है, जिसके चलते उसे चालू नहीं किया गया था।
विज्ञापन

दोपहर तीन बजे बिजली कर्मचारियों की हड़ताल खत्म
मांगों को लेकर हाइडिल कालोनी में प्रदर्शन कर रहे बिजली निगम के कर्मचारियों की हड़ताल दोपहर तीन बजे समाप्त हो गई। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के सह संयोजक जेई ज्योति भास्कर सिन्हा ने बताया कि लखनऊ में आयोजित वार्ता के दौरान सरकार ने बर्खास्त कर्मचारियों को वापस लेने, दर्ज कराए गए मुकदमों को खत्म करने के लिए सहमति दे दी है। साथ ही अन्य मांगों पर भी सकारात्मक कदम उठाया है। जिसके चलते हड़ताल खत्म की गई है।
एचटी लाइन हुई फेल, पानी के लिए तरसे लोग
बुगरासी। एचटीलाइन में फाल्ट के चलते शनिवार को बुगरासी उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में बिजली सप्लाई ठप हो गई। बिजलीघर से जुड़े करीब 15 गांवों के 20 हजार से अधिक लोगों को बिजली संकट से परेशान होना पड़ा। शनिवार दोपहर बिजली जाने के बाद रविवार को दिन भर बिजली सप्लाई चालू नहीं हुई। बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान हुए फाल्ट के कारण सप्लाई बाधित थी। बुगरासी, बुकलाना, बरहाना, भगवानपुर,हाजीपुर वमांकडी फीडर पर देर रात के समय में बिजली सप्लाई चालू हो सकी। दौलतपुर कलां स्थित बिजली उपकेंद्र से जुड़े 20 गांवों में 24 घंटे से अधिक समय तक बिजली सप्लाई प्रभावित रही। शनिवार को बारिश के बाद ठप हुई बिजली सप्लाई रविवार देर रात में चालू होने पर लोगों को राहत मिली।
नगर पालिका ने टैंकरों से कराया पानी सप्लाई
शिकारपुर नगर पालिका ने लोगों को पानी की किल्लत से निजात दिलाने के लिए कई कालोनियों में लोगों को टैंकर से पानी की सप्लाई कराई। अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह ने बताया कि मूर्ति विहार, शिव लोक कालोनी, चैनपुरा, लाल दरवाजा, काजीवाड़ा, गंज सादात, कोट कला और कुतुब दरवाजा समेत अन्य कालोनियों में टैंकर से पानी की सप्लाई लोगों तक पहुंचाई।
यहां रहा बिजली संकट
नगर के मोहल्ला शास्त्री नगर, आनंद विहार, आदर्श नगर, आवास विकास, देवीपुरा, चांदपुर रोड, शिव कालोनी, चौक बाजार, गांव मिर्जापुर, गांव नीमखेड़ा, गांव क्रियावली, गांव टांडा, अंसारी रोड, ट्रांसपोर्ट नगर, देवीपुरा, राधा नगर, खुर्जा की मंदिर कालोनी, मोहल्ला तरीनान, मदार दरवाजा, मुरारी नगर, पदम सिंह गेट, छोटी होली, फाल्ट के कारण चित्सौन बिजलीघर से जुड़े करीब 22 गांवों में, शिकारपुर टाउन बिजलीघर से जुड़े आधे शहर में, कैलावन बिजलीघर से जुड़े मोरौनी फीडर के गांव आंचरू कलां, पारोली, आजमपुर दरियापुर, सिकंदराबाद के मोहल्ला शेखवाड़ा, रामबाड़ा बाजार माधवदास, वेदवाड़ा, सब्जी मंडी, खत्रीवाड़ा, चौधरीवाड़ा, झांसीवाड़ा, हनुमान चौक, गद्दी वाला, कुत्ते की कब्र, गांगरौल बिजलीघर से जुड़े गांव खानपुर, खबरा, दाऊदपुर, कादिलपुर, शेरपुर, नगलावंशी, गांगरौल, नगला इलाहाबाद समेत जिले के अन्य क्षेत्रों में 12-36 घंटे से बिजली सप्लाई प्रभावित है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न होकर किया प्रदर्शन
बिजली किल्लत से लोगों को निजात दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष राकेश भाटी ने बताया कि जिले भर में बिजली सप्लाई प्रभावित हो रही है, लेकिन सरकार मनमानी कर रही है। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। शहर अध्यक्ष प्रशांत बाल्मीकि ने बताया कि पिछले तीन दिन से लोग पानी और बिजली के लिए भटक रहे हैं, लेकिन अधिकारी और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। नगर पालिका भी लोगों को पेयजल की सप्लाई नहीं दे पा रही है, जो कि अति गंभीर विषय है। मौके पर आस मौहमद क़ुरैशी, विमलेश बाल्मीकि, साक्षी मरोठिया, आमीर इलाही, रीहान त्यागी, अशरफ़, विक्की शर्मा, चांद मौजूद रहे।
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है। जल्द से जल्द लाइनों के फाल्ट को दूर कराने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों को बिजली संकट से जल्द राहत मिलेगी। - वीके मिश्रा, चीफ इंजीनियर, बिजली निगम पुनीत शर्मा
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें