ककोड़। कस्बे के मोहल्ला कुरैशियान में मामलू विवाद को लेकर पथराव, फायरिंग में एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक हालत गंभीर बताई जा रही है। पथराव, फायरिंग की सूचना पर एसपी सिटी, सीओ कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति पर काबू पाया। वही तनाव को देखते हुए मोहल्ले में पुलिसबल तैनात है। पीड़ित पक्ष ने 13 नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला कुरैशियान निवासी हनीफ का पुत्र आरिफ (16वर्ष) मंगलवार की दोपहर अपने घर के बाहर बैठा हुआ था। पूर्व प्रत्याशी नगर पंचायत अध्यक्ष ककोड़ असलम कुरैशी का भाई हाकमीन रास्ते से जा रहा था। हाकमीन ने आरिफ को डांटते हुए थप्पड़ मार दिया। परिवार के लोगों के विरोध करने पर हाकमीन ने फोन कर अपने परिवार के लोगों को बुला लिया। बताया जाता है कि हाकमीन पक्ष के लोगों ने हनीफ पक्ष के लोगों पर पथराव कर दिया। बचाव में हनीफ पक्ष के लोगों द्वारा भी पथराव किया। इस दौरान फायरिंग भी की गई। पथराव, फायरिंग में हनीफ पक्ष से उनके पुत्र आरिफ, समीर, शादाब पुत्र इकबाल घायल हो गए। आरिफ की हालत गंभीर बताई जा रही है। वही मोहल्ले में दहशत फैल गई और भगदड़ मच गई। मोहल्ले के लोगों ने अपने आपको घरों में कैद कर लिया। एसपी सिटी, सीओ पूर्णिमा सिंह ककोड़ समेत कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति पर काबू पाया। इस दौरान पुलिस ने मौके से कई लोगों को हिरासत में भी लिया। मोहल्ले में तनाव को देखते हुए पुलिसबल तैनात है।
सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि पथराव में केवल आरिफ पत्थर के लगने से घायल हुआ है। फायरिंग के आरोपों की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।