अनूपशहर। डिबाई मार्ग पर जिरौली के पास एक बेकाबू टैंकर ने सड़क पार कर रहे तीन साल के मासूम को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बच्चे का एक पैर कटकर अलग हो गया, जबकि दूसरा पैर भी पूरी तरह कुचल गया। मासूम की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। डिबाई के गांव यावापुर निवासी बबलू ने बताया कि शाम करीब 7ः30 बजे वह अपने तीन वर्षीय बेटे रिहश को सामान दिलाने जिरौली बाजार लेकर जा रहे थे। सड़क पार करते समय डिबाई की ओर से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उनके बेटे को टक्कर मार दी। लहूलुहान हालत में परिजन रिहश को लेकर अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि रिहश की हालत गंभीर बनी हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर टैंकर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।