ककोड़। ससुर ने दामाद के रोजगार के लिए उसे लाखों रुपये खर्च आभूषण की दुकान कराई। मगर दामाद 20.40 लाख के आभूषण लेकर फरार हो गया। वही ससुरालिए विवाहिता को अतिरिक्त दहेज में कार, 20 लाख नकद की मांग को लेकर भी प्रताड़ित करते थे।
मोहल्ला वैश्यान निवासी संदीप कुमार वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि अपनी पुत्री उर्मिला वर्मा उर्फ गुनगुन की 21 अप्रैल 2024 में शादी उत्तम नगर दिल्ली निवासी सचिन वर्मा उर्फ चीनू के साथ की थी। शादी में उन्होंने 50 लाख रुपये खर्च किए थे। शादी से पहले उन्हें बताया गया था कि सचिन गुडगांव में कंपनी में नौकरी करता है। मगर कुछ दिन बाद ही वह नौकरी छोड़ने का झूठा बहाना बनाकर घर पर बैठ गया और उसके पिता राकेश वर्मा, मा संतोष वर्मा, ताऊ नरेश वर्मा, अतिरिक्त दहेज में स्कार्पियो कार, 20 लाख नकद की मांग को लेकर उनकी पुत्री को प्रताड़ित करने लगे। सास संतोष देवी ने दवाई खिलाकर उनकी पुत्री का गर्भपात करा दिया। बेटी का दाम्पत्य जीवन बचाने के लिए उन्होंने 30 लाख रुपये लगाकर पांच अक्तूबर 2024 को दामाद को कस्बे में उर्मिला ज्वैलर्स के नाम से ज्वैलरी की दुकान करा दी। लेकिन सचिन ने व्यापार में कोई ध्यान नहीं दिया। 26 अक्तूबर की शाम में 20.40 लाख रुपये की कीमत के आभूषण लेकर फरार हो गया। उनके काफी प्रयास के बाद भी ससुरालियों ने आभूषण वापस नहीं किए और बिना दहेज की मांग पूरी हुए बेटी को भी घर में रखने से इंकार कर दिया। सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी पति सचिन, ससुर राकेश वर्मा, सास संतोष वर्मा, ताऊ नरेश वर्मा के खिलाफ बीएनएस की धारा 85 क्रूरता करने, 89 बिना सहमति के गर्भपात कराने, 352 अपमानित करने,316(2) आपराधिक विश्वासघात करने, दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।