ऊंचागांव। थाना नरसेना क्षेत्र में बुधवार को हुए सड़क हादसे में छुट्टी पर घर आए एक फौजी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को राहगीरों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊंचागांव में भर्ती कराया। ऊंचागांव कस्बा निवासी आशुतोष राणा भारतीय सेना में कार्यरत हैं और इन दिनों छुट्टी लेकर गांव आए हुए थे। बुधवार की सुबह 11 बजे वह बाइक से अपनी ननिहाल थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव पलवाड़ा जा रहे थे। थाना नरसेना के समीप आगे चल रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे से बाइक पर आ रहे आशुतोष ट्रॉली से टकरा गए और सड़क पर गिरकर घायल हो गए। लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊंचागांव पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। जहां हालत गंभीर बताई जा रही है।