बुलंदशहर।
जिले के छह राजकीय स्कूलों को जल्द ही निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी। इसके लिए सभी कॉलेजों पर 18 लाख रुपये की लागत ऑनग्रिड सोलर पावर प्लांट की स्थापना होगी।
समग्र शिक्षा अभियान के तहत जिले में विद्यार्थियों को शिक्षित करने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन 49 स्कूल संचालित हैं। इन कॉलेजों को हाईटेक सुविधा से लैस कर पढ़ाई कराई जा रही है। प्रोजेक्ट अलंकार से स्कूलाें को अवस्थापना सुविधा से लैस कर नई शिक्षा नीति के तहत पढ़ाई कराने की कवायद चल रही है। स्मार्ट क्लास व कंप्यूटर लैब संचालित करने से पहले स्कूलों में निर्बाध बिजली आपूर्ति की दिशा में काम किया जा रहा है। स्कूलों के प्रति माह बिजली कम को खत्म करने के साथ बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ऑनग्रिड सोलर पावर प्लांट स्थापना की योजना पर काम हो रहा है। इससे पहले 12 स्कूलों में सोलर पॉवर प्लांट लग चुके हैं।
-
इन स्कूलों में लगेंगे पॉवर प्लांट
डीआईओएस के अनुसार पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज सोरखा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जयरामपुर बांगर, राजीय बालिका इंटर कॉलेज बिलौना रूप, पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज कोठरा कुरैना, पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज रसूलगढ़ और पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज तिमरपुर में सोलर पॉवर प्लांट लगेंगे। एक प्लांट पांच किलोवाट को होगा।
इन स्कूलों में लग चुके हैं प्लांट
राजकीय इंटर कॉलेज कौलसेना, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बीबीनगर, राजकीय हाईस्कूल जालखेड़ा, राजकीय हाईस्कूल काजमपुर देवली, राजकीय इंटर कॉलेज करौरा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चौगानपुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज कन्हैरा, राजकीय हाईस्कूल सतोहा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पहासू, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शिकारपुर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दादूपुर नीला और राजकीय इंटर कॉलेज घमरावली में सोलर पॉवर प्लांट लग चुके हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक शिवकुमार ओझा ने कहा कि छह राजकीय स्कूलों में केंद्र पुरोनिधानित समग्र शिक्षा के तहत यूपी नेडा ऑनग्रिड सोलर पावर प्लांट की स्थापना करेगा। एक प्लांट पर तीन लाख रुपये खर्च होंगे। 12 स्कूलों में पहले ही सोलर पॉवर प्लांट लग चुके हैं। आगामी चरण में शेष स्कूलों में भी इस तरह के प्लांट लगेंगे।