जनपद के छह खिलाड़ियों की मदद करेगा खेल विभाग
बुलंदशहर। जिले में कई ऐसी प्रतिभाएं छुपी हुई हैं जो अक्सर सहयोग न मिलने के चलते दम तोड़ जाती हैं। जिले के छह ऐसे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए जिला क्रीड़ा विभाग ने योजना बनाई है और 24 जनवरी को उप्र स्थापना दिवस पर विभिन्न खेलों के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ जिला खेल एवं प्रोत्साहन समिति से छह खिलाड़ियों को चेक सौंपेगा। जिससे वो अपनी खेल प्रतिभा भविष्य में जारी रख सकें।
जनपद में सुविधाओं के चलते कई प्रतिभाएं दम तोड़ चुकी हैं। तीन सितंबर के अंक में अमर उजाला द्वारा ‘आर्थिक तंगी की वजह से खेल छोड़ना चाहता है एथलीट मोहित’ शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी। जिसे जिला प्रशासन द्वारा संज्ञान में लिया गया और जिले के ऐसे खिलाड़ियों को चयनित करने का काम किया गया जो आर्थिक तंगी के बीच रहकर भी जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। उपक्रीड़ा अधिकारी आशुतोष अग्निहोत्री ने बताया कि जिले के छह खिलाड़ियों को जिला खेल एवं प्रोत्साहन समिति की ओर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। जिससे संबंधित अपने खेल की तैयारी जारी रखें।
जिला प्रदर्शनी मैदान में होगा आयोजन
जिला प्रदर्शनी मैदान में चल रही ग्रामोद्योग प्रदर्शनी के दौरान 24 जनवरी को उप्र का स्थापना दिवस समारोह आयोजित होगा। जिसमें जिला क्रीड़ाधिकारी और जिला प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी द्वारा जिले के उत्कृष्ट एवं विभिन्न खेलों में विजेता रहे खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। इसी कार्यक्रम के तहत संबंधित खिलाड़ियों को जिला खेल कार्यालय द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से धनराशि सौंपी जाएगी।
इन खेलों के खिलाड़ियों को मिलेगी मदद
नगर के आवास विकास द्वितीय निवासी हैंडबॉल के तीन खिलाड़ी, टांडा निवासी हैंडबॉल खिलाड़ी, खुर्जा निवासी वुशु की महिला खिलाड़ी और शिकारपुर क्षेत्र निवासी एथलेटिक्स खिलाड़ी का चयन किया गया है। संबंधित खिलाड़ी समय-समय पर अपने-अपने खेल में उम्दा प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर चुके हैं।
जिला खेल एवं प्रोत्साहन समिति द्वारा समय-समय पर आर्थिक मदद की जाती रही है। 24 जनवरी को छह खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा जारी रखने के लिए प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही विभिन्न खेलों में उम्दा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
- नवीन कुमार त्यागी, क्रीड़ाधिकारी