बुलंदशहर। मकान के बंटवारे के विवाद में भाभी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या करने के आरोपी देवर को पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। कोतवाली क्षेत्र के गांव भाईपुरा में शुक्रवार की रात देवर किशोरी ने भाभी मीना (52 वर्ष) की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया था। जांच के दौरान मकान के बंटवारे का विवाद सामने आया था। मृतका के देवर अजय की तहरीर पर पुलिस ने किशोरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। कोतवाली देहात प्रभारी ने बताया कि रविवार को आरोपी को गांव के श्मशान घाट के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी से आला कत्ल घटना में प्रयुक्त चाकू और रक्तरंजित शर्ट बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और उसके दोनों भाई गांव में करीब 40 गज के मकान में रहते हैं। उनके बड़े भाई कैलाश और अजय एक साथ रहते हैं। अजय अविवाहित है। बताया कि उनके पिता मोहनलाल ने मकान का उनके नाम पर दानपात्र कर दिया था। पिता की मृत्यु के बाद वह मकान के स्वामी थे। जब भी वह कैलाश और अजय को मकान खाली करने के लिए कहते थे तो उनकी भाभी मीना उनके साथ लड़ाई-झगड़ा करती थी। इसको लेकर उनके हृदय में भाभी मीना के खिलाफ आक्रोश पनपने लगा। शुक्रवार की रात में भी भाभी ने उनके साथ लड़ाई-झगड़ा करते हुए गाली गलौज की। आक्रोश में आकर उसने भाभी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।