नरौरा क्षेत्र में सिलहरी मोड़ से रामपुर- बेलोन होकर नेशनल हाईवे को रतनपुर पर जोड़ने वाले रोड पर
नरौरा। नरौरा-रामघाट मार्ग से जुड़ने वाले सिलहरी मोड़ से रतनपुर मार्ग का करीब 15 करोड़ की लागत से निर्माण होगा। करीब 15 वर्ष से लोग इस मार्ग के निमार्ण की मांग कर रहे थे। इससे करीब डेढ़ दर्जन गांवों के लोगों की राह आसान होगी।
लोक निर्माण विभाग के इस करीब छह किलोमीटर लंबे मार्ग की स्थिति इतनी जर्जर थी कि वाहन तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा था। परमाणु ऊर्जा संयंत्र की सीएसआर कमेटी के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने बताया कि 14.98 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क को आधुनिक मानकों के अनुरूप बनाया जा रहा है। सात मीटर चौड़ी डामर रोड के दोनों ओर दो-दो मीटर की जीएसबी सोल्डरिंग की जाएगी, जिससे सड़क की मजबूती और चौड़ाई बढ़ेगी।
सड़क निर्माण के साथ-साथ गांवों के भीतर जल भराव की समस्या को दूर करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। योजना के तहत गांवों में नाला निर्माण और नाली बनाई जाएगी। साथ ही सड़क के मध्य और किनारों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का कार्य भी होगा, जिससे बारिश के दिनों में कीचड़ की समस्या खत्म होगी। कंस्ट्रक्शन कंपनी ने मौके पर मशीनें उतारकर तेजी से कार्य शुरू कर दिया है।
मार्ग के बन जाने से न केवल सिलहरी, रामपुर और बेलोन जैसे गांवों को लाभ होगा, बल्कि रामघाट क्षेत्र के जरगवां, गंगागढ़, गोकुलपुर, पेसरी और कुढ़नी जैसे डेढ़ दर्जन गांवों के लोगों के लिए डिबाई तहसील और जिला मुख्यालय पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा। अब तक इन ग्रामीणों को वाया नरौरा होकर करीब 5 किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ता था लेकिन यह मार्ग तैयार होते ही उनका समय और ईंधन दोनों बचेगा।