प्रधान डाकघर में बिक्री के लिए रखा गंगाजल।
- फोटो : BULANDSHAHR
जलाभिषेक के लिए डाकघर से मिलेगा गंगाजल
बुलंदशहर। कोरोना संक्रमण को देख कावंड़ यात्रा रद किए जाने पर शिवभक्तों में मायूसी छाई हुई है। वहीं, शिवभक्तों को गंगोत्री का गंगाजल उपलब्ध कराने के लिए डाक विभाग ने तैयारी कर ली है। प्रधान डाकघर 30 रुपये में गंगाजल की 250 एमएल की बोतल उपलब्ध करा रहा है। इसके लिए प्रधान डाकघर में गत वर्षों की तरह काउंटर भी शुरू कर दिया गया है।
कोरोना संक्रमण के चलते गत वर्ष कावंड़ यात्रा पर रोक लगा दी गई थी। इस बार तीसरी लहर की संभावना को देख कांवड़ यात्रा पर रोक लगाई जा चुकी है। रविवार से सावन माह शुरू हो जाएगा। सावन माह में गंगाजल लाकर महादेव का जलाभिषेक करने की प्रथा है। इसके देखते हुए गत वर्षों की तरह इस बार भी शिवभक्तों को आसानी से गंगोत्री का गंगाजल मिल सके, इसके लिए डाक विभाग ने तैयारी कर ली है। साथ ही गंगा उद्गम स्थल गंगोत्री से बोतल में बंद कर गंगाजल मंगाना शुरू कर दिया है। कोई भी व्यक्ति 30 रुपये देकर 250 एमएल गंगाजल खरीद सकता है। डाक विभाग की इस व्यवस्था से शिवभक्तों को गंगा जल लाने के लिए गंगा तट पर जाने की आवश्यकता भी नहीं होगी। प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर एमएस डांगुर ने बताया कि डाकघर में गंगाजल के लिए काउंटर शुरू कर दिया है। श्रद्धालु काउंटर से गंगाजल ले सकते हैं।