जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव जलीलपुर में नाबालिग बेटे को धमकाकर वसूली के विरोध पर दुकानदार के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
किराना दुकानदार राशिद ने तहरीर देते हुए बताया कि उनका 12 वर्षीय पुत्र आरिश दुकान पर बैठता है। आरोप है कि गांव का एक युवक लंबे समय से बच्चे को डरा-धमकाकर दुकान के गल्ले से रुपये निकलवाता था।
विरोध करने या किसी को जानकारी देने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी। बताया कि आठ जून की शाम वह कुछ देर के लिए घर गया हुआ था और दुकान पर उनका पुत्र बैठा था।
वापस लौटने पर बेटे ने रोते हुए बताया कि एक युवक गल्ले से 500 रुपये का नोट जबरन निकालकर ले गया है। जब उसने इस संबंध में आरोपी पक्ष से शिकायत की तो मामला तूल पकड़ गया।
आरोप है कि कुछ समय बाद आरोपी पक्ष के लोग एकजुट होकर दुकान पर पहुंच गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दुकानदार के साथ मारपीट की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया। सीओ विकास प्रताप चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी शहरान, वाहिद, शाहिद, गुलफ्शा,अयान उर्फ जैफ, इलियास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पुलिस जांच कर रही है।