एनएच-334, एनएच-91 वन-वे, शहर में भारी वाहनों का प्रवेश बंद
बुलंदशहर। सावन के दूसरे सोमवार और मंगलवार को शिवरात्रि पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए कांवड़ मार्गों पर सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। बुलंदशहर से मेरठ, बुलंदशहर से खुर्जा-अलीगढ़ हाईवे को वन वे किया गया है तो शहर में भारी वाहनों का प्रवेश बंद करने के साथ ही जहांगीराबाद-अनूपशहर, औरंगाबाद-स्याना समेत अन्य मार्गों पर पूरी तरह से भारी वाहनों को बंद कर दिया गया है।
सावन के दूसरे सोमवार को लाखों की संख्या में शिवभक्त जिले में 300 से अधिक शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसएसपी द्वारा एसपी क्राइम कमलेश बहादुर के नेतृत्व में दो हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। सोमवार और मंगलवार को कोतवाली देहात क्षेत्र के श्री द्वादश महालिंगेश्वर शिव मंदिर, अहार, अनूपशहर, नरौरा, जहांगीराबाद, गुलावठी, सिकंदराबाद, शिकारपुर समेत अन्य क्षेत्रों में शिवालयों पर जलाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद मंगलवार को शिवरात्रि के मौके पर शिवालयों पर भारी भीड़ रहेगी। जिसके चलते पहले ही पुलिस-प्रशासन ने सख्ती कर दी है। बुलंदशहर-मेरठ हाईवे को वन वे करते हुए बुलंदशहर-खुर्जा-अलीगढ़ हाईवे से शहर में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों पर पूरी तरह से रोक लगाई गई है। इसके लिए भूड़ चौराहे पर बैरिकेडिंग करते हुए केवल कार, बाइक और ऑटो को ही अंदर आने दिया जा रहा है। बुलंदशहर से औरंगाबाद-स्याना रूट पर संचालित होने वाली निजी बसों का संचालन भी दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। जिसके चलते यात्रियों को सफर पूरा करने के लिए निजी या हल्के वाहनों का ही सहारा रहेगा। वहीं, अनूपशहर, जहांगीराबाद की ओर जाने वाले वाहनों को शिकारपुर तिराहे से डिबाई रोड से होते हुए निकाला जा रहा है। रविवार को सलेमपुर से जतिन, नितिन, राहुल, शुभम, विराट, रवि, सचिन समेत अन्य युवा डाक कांवड़ लेने के लिए रवाना हुए।
डीएम-एसएसपी ने किया कांवड़ शिविर का शुभारंभ
रविवार को बीबीनगर थाने की कटक नहर पुल पर बनी पुलिस चौकी पर थाना प्रभारी व ग्रामीणों के सहयोग से कांवड़ लेकर लौटे रहे शिव भक्तों को लिए शिविर लगाया गया। शिविर का शुभारंभ करते हुए डीएम व एसएसपी ने दीप प्रज्वलित कर किया। डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि शिव भक्तों को किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए शिविर लगाए जाएं। इस मौके पर एसपी सिटी , सीओ स्याना सहित ताराचंद प्रधान, शिवा शर्मा, कल्पित शर्मा, तरुण सैनी, किशोरी लाल व राजकुमार सिंह मौजूद रहे।
कांवड़ शिविर में परखीं व्यवस्थाएं
डीएम-एसएसपी ने रविवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगाए गए कांवड़ शिविरों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान बुलंदशहर से गुलावठी, बीबीनगर, कुचेसर का भ्रमण करते हुए कावंड़ यात्रा मार्गो पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद अहार स्थित अंबकेश्वर महादेव मंदिर पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। अनूपशहर क्षेत्र के बवस्टरगंज गंगा घाट, अनूपशहर से कांवड़ियों द्वारा जल भरकर ले जाने के लिए की गई व्यवस्था का निरीक्षण कर कांवड़ियों से वार्ता की। राजघाट गंगा घाट का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं के लिए तैनात की गई मोटर बोट, स्टीमर, गोताखोर समेत अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को आदेश दिए कि कांवड़ मार्गों पर 20 किमी प्रति घंटे से अधिक रफ्तार पर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें।