शिकारपुर ट्रिपल मर्डर : 25 हजार का इनामी सईद मोहाली से गिरफ्तार
बुलंदशहर। पत्नी एवं दो बेटियों की हत्या का आरोपी 25 हजार के इनामी सईद मेंटल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शिकारपुर पुलिस ने पंजाब के मोहाली स्थित एक दरगाह के पास से गिरफ्तार किया है। वह पुलिस की आंखों में धूल झोंककर पिछले तीन माह से पंजाब में मजदूरी कर रहा था। अब उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पत्नी और दो बेटियों को हथौड़े से वारकर की थी हत्या
गत दो मार्च की रात को शिकारपुर के माजरा अंबेडकर नगर निवासी सईद उर्फ मेंटल ने अपनी पत्नी शकीला एवं दो पुत्रियों रजिया एवं शबाना की सोते समय सिर पर हथौड़े से वार करके हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था। उसकी धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थी। लेकिन वह लगातार पुलिस को चकमा देता रहा।
एसएसपी संतोष सिंह द्वारा उस पर 25 हजार का ईनाम भी घोषित किया गया था। शनिवार को एसएसपी ने प्रेस वार्ता कर बताया कि खुफिया तंत्रों से सूचना मिली कि सईद अहमद उर्फ सईद मेंटल निवासी मोहल्ला अंबेडकर नगर शिकारपुर वर्तमान में पंजाब के मोहाली में मजदूरी कर रहा है। शुक्रवार की रात पुलिस ने मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश देकर उसे दबोच लिया।
शक में की थी हत्या
पूछताछ में मेंटल ने बताया कि उसे अपनी पत्नी एवं बेटियों पर शक था। जिसको लेकर आए दिन घर में विवाद होता था। वर्ष 2015 में भी उसने पत्नी शकीला की हत्या की योजना बनाई। लेकिन एक मस्जिद के निर्माण में जुटा होने पर घटना को अंजाम नहीं दे सका। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।