पंजाब में आयोजित शूटिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल के साथ शूटर शाहरुख। स्रोत : एकेडमी
बुलंदशहर। नगर निवासी शूटर शाहरुख ने पंजाब में आयोजित हुई लोक लोड शूटिंग कप प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता से वापस लौटने पर मंगलवार को डीएम रोड स्थित जीरो कूल शूटिंग रेंज पर स्वागत किया गया।
जीरो कूल शूटिंग रेंज के कोच मनीष चौधरी ने बताया पंजाब के मोहाली में दो से तीन अक्तूबर तक दो दिवसीय लोक लोड शूटिंग कप प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें अलग-अलग राज्यों के शूटरों ने प्रतिभाग कर निशाना साधा।
इस प्रतियोगिता में जिले के शूटर शाहरुख समेत अन्य शूटरों ने प्रतिभाग किया। शूटर शाहरुख ने आईएसएसएफ सीनियर मेन वर्ग में प्रतिभाग करते हुए 600 में से 578 का स्कोर किया और सुपर आठ में जगह बनाई।
सुपर आठ के फाइनल मुकाबले में शाहरुख ने निशाना साध पदक अपने नाम किया। मुख्य आयोजक ने शूटर शाहरुख को 21 हजार रुपये का नगद पुरस्कार व मेडल ट्राफी देकर सम्मानित किया।
मंगलवार को गोल्ड मेडल विजेता शाहरुख के एकेडमी पहुंचने पर साथी खिलाड़ियों ने फूल माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान एकेडमी के अध्यक्ष जगदीश चंद्र जैन ने शाहरुख को बधाई देते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान नवीन गर्ग, राजा चौधरी, कीर्ति शर्मा, रियांश अग्रवाल आदि शूटर मौजूद रहे।