लखावटी से सेगाजगतपुर तक सड़क महीनेभर में बननी शुरू हो जाएगी। डीएम के इस आश्वासन पर गांव महेशपुर में भाकियू की अगुवाई में चल रहा अनशन शनिवार देर शाम समाप्त हो गया। पीडब्लूडी एक्सईएन ने अनशनकारियों को जूस पिलवाकर उनका अनशन तुड़वाया।
भाकियू युवा शाखा के जिलाध्यक्ष गुडडू प्रधान की अगुवाई में लखावटी से सेगाजगतपुर तक जर्जर पड़ी सड़क को बनवाने की मांग को लेकर किसान महेशपुर में अनशन पर बैठे हुए थे। शनिवार देर शाम तीन किसानों की हालत बिगड़ी तो मामला डीएम के संज्ञान में लाया गया।
डीएम के निर्देश पर देर शाम एक्सईएन एके गुप्ता अनशनकारियों के बीच पहुंचे। उन्हें देखते ही किसानों ने नारेबाजी शुरू कर दी। बाद में एक्सईएन एके गुप्ता ने डीएम आंजनेय कुमार से फोन कर युवा जिलाध्यक्ष गुडडू प्रधान की वार्ता कराई।
डीएम आंजनेय कुमार ने एक माह के भीतर सड़क बनवाने का भरोसा दिलाते हुए बताया कि लखावटी से सेगाजगतपुर तक पांच किमी की सड़क का 2.12 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है।
शासन से स्वीकृति मिलते ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। फिलहाल सड़क पर मिट्टी डलवाने का कार्य शुरू करा दिया गया है। बाद में एक्सईएन ने अनशनकारियों को जूस पिलवाकर अनशन को समाप्त कराया।