बुलंदशहर। सिकंदराबाद-गुलावठी मार्ग को चौड़ा किया जाएगा। इस पर लोक निर्माण विभाग की ओर से करीब 42 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। चौड़ीकरण के लिए अधिकारियों ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। सड़क के दस मीटर चौड़ा होने से प्रतिदिन गुजरने वाले करीब 10 हजार वाहन चालकों को इसका फायदा मिलेगा।
करीब 15 किमी लंबे सिकंदराबाद-गुलावठी से होकर प्रतिदिन 10 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। इस रोड पर बसे 50 से अधिक गांवों के दो लाख लोग भी यहीं से होकर शहर की ओर आते हैं। वाहनों की संख्या अधिक होने और सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण लोगों को काफी परेशानी होती है। अब इस समस्या के समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने तैयारी की है। करीब 15 किमी लंबी इस सड़क को सात से 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इस पर करीब 42 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। अधिकारियों ने इस सड़क के चौड़ीकरण के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। बताया जा रहा है कि शासन की ओर से भी इस प्रस्ताव की स्वीकृति के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अगले दो सप्ताह में इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने की संभावना है।
150 करोड़ के विकास कार्यों की चल रही है टेंडर प्रक्रिया
लोक निर्माण विभाग की ओर से जिले में 150 करोड़ की लागत से चार सड़कों के चौड़ीकरण के लिए प्रक्रिया की जा रही है। इसमें शहर के मुख्य बाईपास को 57 करोड़, डीएम रोड से जैनपुर रोड को 19 करोड़, 30.55 करोड़ से जहांगीराबाद-दौलतपुर और 19.90 करोड़ से डिबाई-राजघाट मार्ग के चौड़ीकरण के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। दीपावली के बाद इन सड़कों के चौड़ीकरण के लिए कार्य शुरू किया जाएगा।
सिकंदराबाद-गुलावठी रोड का चौड़ीकरण का प्रस्ताव बनाया गया है। जहांगीराबाद-दौलतपुर और डिबाई-राजघाट रोड के चौड़ीकरण के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जल्द इस संबंध में उचित कदम उठाए जाएंगे। - प्रताप सिंह, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग