फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पश्चिम उत्तर प्रदेश में दूसरा कांधला और कैराना नहीं बनने देंगे: योगी

विज्ञापन
नुमाइश मैदान में भाजपा की जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। - फोटो : BULANDSHAHR
विज्ञापन
पश्चिम उत्तर प्रदेश में दूसरा कांधला और कैराना नहीं बनने देंगे : सीएम योगी
विज्ञापन

बुलंदशहर। सदर सीट पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी उषा सिरोही के समर्थन में नुमाइश मैदान में जनसभा में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षियों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दूसरा कैराना और कांधला नहीं बनने दिया जाएगा। अपराधियों का स्थान या तो श्मशान में है या जेल में है। अपराधियों की अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलवाया जा रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी और सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस के स्वनाम धन्य नेता केरल में पीएफआई जैसे देश विरोधी संगठनों से मिल रहे हैं।
बृहस्पतिवार को 12.20 मिनट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नुमाइश मैदान में पहुंचे। दिवंगत भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह सिरोही को याद करते हुए उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुए दंगों पर पूर्व की सरकारों पर जमकर निशाना साधा। मुजफ्फरनगर दंगे में मारे गए गौरव और सचिन को याद करते हुए उन्होंने कहा कि अब कोई युवा दंगे की भेंट नहीं चढ़ पाएगा। हमने दंगाइयों से इस प्रकार निपटा है कि वह आगे से दंगा करने की हिम्मत ही नहीं जुटा पाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग चौधरी चरण सिंह के नाम पर राजनीति करते हैं, उन्होंने उनके लिए कुछ नहीं किया। भाजपा सरकार ने चौधरी साहब की कर्मभूमि स्थित रमाला शुगर मिल का विस्तार करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग क्षेत्रवाद, जातिवाद की राजनीति करते हैं। पश्चिम के लोग सीधे साधे होते हैं। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के लिए राजा महेंद्र प्रताप सिंह ने अपनी जमीन दान में दे दी, लेकिन कैंपस में उनके नाम का शिलापट भी नहीं लगा है। भाजपा सरकार ने अब अलीगढ़ में ही राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम से एक अन्य यूनिवर्सिटी की स्थापना करने जा रही है। सपा सरकार ने कांवड़ यात्रा पर बैन लगा दिया था। हमने कहा कि कांवड़ यात्रा भारत में नहीं होगी तो कहां होगी। हम तो हेलिकाप्टर से कांवड़ यात्रियों पर पुष्प वर्षा भी करते हैं। पता नहीं भगवान शिव किस रूप में आ रहे हों।
विज्ञापन

मोदी सरकार ने हर गरीबों के लिए विभिन्न लाभकारी योजनाओं को लांच किया। हमने नहीं सोचा कि यह लाभ किस जाति, धर्म को मिल रहा है। हमने सभी को इन योजनाओं का लाभ दिया। मोदी सरकार का नारा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास को हम सार्थक करने में लगे हुए हैं।
युवाओं को साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले पुलिस में भर्ती होती थी तो अभ्यर्थी के खेत, मकान, दुकान आदि बिक जाते थे, क्योंकि बीच में दलाल बैठे होते थे। हमने 13,700 पुलिस भर्ती की और वह भी बिलकुल निष्पक्ष तरीके से हुई। बागपत के 29 युवाओं ने भर्ती होने के बाद सरकार को धन्यवाद दिया है।
जेवर में बन रहे एयरपोर्ट और ग्रेटर नोएडा में बनने वाली फिल्म सिटी का लाभ जनपद वासियों को मिलेगा। इससे रोजगार में भी बढ़ोतरी होगी। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के परिवार का एक भी सदस्य सरकारी गाड़ी में नहीं बैठता है, लेकिन पूर्व की सरकार में तो सैफई में सरकारी पैसे से ऐश की जाती थी। कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक वर्ग के लिए दिनरात काम कर रही है। जनसभा की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने की और संचालन जिलाध्यक्ष अनिल सिसोदिया ने किया। जनसभा की समाप्ति पर सांसद डा. भोला सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान प्रत्याशी उषा सिरोही, मंत्री वाईपी सिंह, प्रदेश मंत्री चंद्रमोहन सिंह, गन्ना मंत्री सुरेश राणा, कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल, आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी, प्रभारी मंत्री अशोक कटारिया, राज्य मंत्री अनिल शर्मा, विधायक संजय शर्मा, डॉ. अनीता लोधी, देवेंद्र लोधी, विजेंद्र सिंह, बिमला सोलंकी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रविंद्र जांगड़ा, चुनाव संयोजक डीके शर्मा, चेयरमैन मनोज गर्ग, संजय गुर्जर, संतोष वाल्मीकि, संजय माहेश्वरी, शाह फैसल, राहुल कौशल समेत हजारों कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
आम आदमी का हक मारने वाले अधिकारी जाएंगे अब जेल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारी और कर्मचारियों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि भ्रष्ट अधिकारी और कर्मचारी सतर्क हो जाएं। वरना सभी भ्रष्ट अधिकारी और कर्मचारी की जगह जेल ही होगी। आम आदमी को परेशान करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
जाट नेता किरनपाल सिंह को दिलाई सीएम ने सदस्यता
मुख्यमंत्री की जनसभा के दौरान मंच पर पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री व जाट नेता किरनपाल सिंह भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने किरनपाल सिंह को भाजपा का पटका पहनाकर उनको पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान किरनपाल सिंह के सैकड़ों समर्थकों ने भी भाजपा ज्वाइन की।
कोरोना न होता तो यूपी के प्रत्येक गांव को अयोध्या आने का भेजता न्योता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से कहा कि जो लोग पूछते थे कि मंदिर कब बनवाएंगे, कब तारीख बताएंगे, उनको देश के प्रधानमंत्री ने जवाब दे दिया है। पांच अगस्त को श्रीराम जन्मभूमि पर शिलान्यास कर दिया गया। कहा कि अगर कोरोना काल न होता तो यूपी के प्रत्येक गांव के लोगों को इस अवसर पर अयोध्या बुलवाता और श्रीराम मंदिर के शुभारंभ का साक्षी बनवाता।
जिलाध्यक्ष और मंत्री मंच से हड़काते रहे, पुलिस बातों में रही मस्त
मुख्यमंत्री की जनसभा में पुलिस की व्यवस्था थोड़ी लचर दिखाई दी। आने वाले कार्यकर्ताओं को रास्ता न बताकर पुलिसकर्मी बातों में ही व्यस्त दिखे। जबकि, जिलाध्यक्ष अनिल सिसोदिया बार-बार पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और कार्यकर्ताओं को भीतर आने के लिए बोलते रहे। यहां तक कि प्रभारी मंत्री अशोक कटारिया को भी मंच पर आकर पुलिसकर्मियों को हड़काना पड़ा और व्यवस्था सही नहीं करने पर कार्रवाई करने के लिए अफसरोें का नाम ऊपर भेजने की बात कहनी पड़ी।
मुख्यमंत्री से न मिलने पर कालाआम चौराहे पर युवती ने किया हंगामा
बुलंदशहर। मुख्यमंत्री की जनसभा में खुर्जा क्षेत्र की एक युवती अपनी मां के साथ पहुंच गई। जनसभा के पश्चात युवती और उसकी मां द्वारा मुख्यमंत्री से मिलने का प्रयास किया गया, जिस पर पुलिस अधिकारियों के इशारे पर नगर पुलिस ने उन्हें रोक लिया और गाड़ी में बैठाकर कालाआम चौराहे पर ले आए। कालाआम पर गाड़ी से उतरते ही युवती ने हंगामा शुरू कर दिया। युवती चीखते-चिल्लाते हुए पुलिस की गाड़ी के सामने लेट गई। नगर कोतवाली प्रभारी ने युवती को समझाते हुए समस्या पूछी, जिस पर उसने बताया कि उसके द्वारा दर्ज एक मुकदमे में अलीगढ़ पुलिस द्वारा तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। किसी तरह नगर कोतवाल ने उसे उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर वापस भेजा। नगर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि उक्त मामला दूसरे क्षेत्र का है। युवती की बात को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाते हुए कार्रवाई कराई जाएगी।
विज्ञापन

नुमाइश मैदान में भी एक युवती ने किया हंगामा
बुलंदशहर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा के दौरान उनका भाषण खत्म होते ही मैदान में बैठी एक युवती ने मुख्यमंत्री से मिलने की गुहार लगानी शुरू कर दी। बताया गया कि उक्त युवती नगर के ही धमैड़ा अड्डा क्षेत्र की निवासी है। लेकिन, मुख्यमंत्री से मुलाकात न होने पर उसने हंगामा करना शुरू कर दिया। उसका कहना था कि उसके नाते रिश्तेदारों ने उनकी जमीन हड़प ली है और पुलिस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें