बुलंदशहर। सिकंदराबाद में कॉमर्शियल बिजली कनेक्शन के नाम पर रिश्वत मामले में एसडीओ को एमडी ने निलंबित कर दिया है। साथ ही निलंबित एसडीओ को गजरौला से संबद्ध कर दिया है। बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई। कनेक्शन लेने वाले युवक ने एसडीओ पर गंभीर आरोप लगा कार्रवाई की मांग की। वीडियो को संज्ञान में लेकर चीफ इंजीनियर ने कार्रवाई के लिए एमडी को पत्र भेजा।
सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में बीते दिनों एक युवक ने पांच किलोवाट कनेक्शन के लिए आवेदन किया। युवक ने बिजली कनेक्शन के नाम पर एसडीओ पर डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। साथ ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल की। वीडियो में एक युवक टेबल पर कागजों के बीच रुपये रखता नजर आया, हालांकि रुपये लेने की कोई पुष्टि नहीं हुई। वीडियो वायरल होने पर चीफ इंजीनियर ने संज्ञान में लिया। चीफ इंजीनियर ने इस मामले में कार्रवाई की संस्तुति कर एमडी को पत्र भेजा। वहीं, पीड़ित ने सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह से शिकायत कर कार्रवाई की मांग को पत्र सौंपा। मंगलवार शाम एमडी पश्चिमांचल ईशा दुहन ने एसडीओ कृष्ण कुमार कौशिक को निलंबित कर गजरौला में संबद्ध करने का आदेश जारी कर दिया।
एसडीओ बोले, आरोप निराधार
एसडीओ कृष्ण कुमार कौशिक ने बताया कि रिश्वत लेने के आरोप निराधार है। उपभोक्ता से कनेक्शन के लिए फीस ऑनलाइन जमा करने को कहा गया। वायरल वीडियो में युवक द्वारा स्वयं काउंटर पर रुपये रखे गए। बाद में उपभोक्ता को उठाने के लिए कहा। तो उपभोक्ता ने रुपये वापस उठा लिए। रुपये रखते हुए की अधूरी वीडियो वायरल की गई है। साथ ही संबंधित को कनेक्शन के नाम पर किसी को भी रुपये ने देने के लिए भी कहा।
एमडी ने एसडीओ को निलंबित करने का आदेश जारी किया है। संबंधित को गजरौला संबद्ध करने के निर्देश मिल गए हैं। - राजीव अग्रवाल, चीफ इंजीनियर