बुलंदशहर। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से कराए जा रहे यू-डायस कार्य में स्कूल रूचि नहीं ले रहे हैं। पांच ब्लॉक ऐसे हैं जहां से अभी तक कोई डाटा नहीं भरा गया है। शिक्षक एवं बच्चों की प्रोफाइल अधूरी हैं। अधिकारियों ने इन ब्लॉकों के स्कूलों के बीईओ को निर्देश जारी कर तत्काल यू-डायस कार्य पूरा कराने के लिए कहा है।
यू-डायस पर जिले के सभी बेसिक, सीबीएसई, यूपी बोर्ड, मदरसा बोर्ड, संस्कृत बोर्ड सहित अन्य तमाम बोर्ड के स्कूलों का डाटा अपलोड हो रहा है। साथ ही स्कूलों को एक कोड दिया जा रहा है। जिले के 16 ब्लॉक में 4,114 स्कूल हैं। इनमें 7,51,301 परीक्षार्थी पढ़ रहे हैं। इनमें बुलंदशहर नगर व सिकंदराबाद नगर, लखावटी, पहासू, शिकारपुर ब्लॉक में 245 स्कूल ऐसे हैं, जो डाटा भरने में रूचि नहीं ले रहे हैं। इनमें से अभी 1.50 लाख बच्चों का डाटा यू-डायस पोर्टल पर अपलोड नहीं हो सका है।
विभाग ने बार-बार इन स्कूलों को पत्र जारी कर डाटा भरने के आदेश दिए गए थे। बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि शासन ने ऐसे लापरवाह स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा है। यदि स्कूल यू-डायस के कार्य को पूरा नहीं करेंगे तो इनकी मान्यता भी निरस्त हो सकती है।