सत्र शुरू होने से पूर्व करा लें स्कूली वाहनों की फिटनेस
बुलंदशहर। स्कूल-कॉलेज में नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने वाला है। इससे पूर्व संभागीय परिवहन ने स्कूली वाहनों की फिटनेस कराने के आदेश जारी कर दिए हैं। वहीं, बिना फिटनेस जांच के वाहन संचालित मिलने पर जुर्माना लगाने के साथ संबंधित वाहन को सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।
कोरोना संक्रमण के दौरान गत वर्ष 2020-21 सत्र के दौरान स्कूल-कॉलेज बंद रहे। ऐसे में स्कूली वाहनों का संचालन भी बंद रहा। वहीं, अप्रैल से शुरू होने वाले शैक्षणिक सत्र के दौरान स्कूल-कॉलेज संचालित होंगे। ऐसे में स्कूली वाहन भी संचालित होने लगेंगे। विभागीय अफसरों की मानें तो अधिकांश स्कूली वाहनों की गत वर्ष 2020-21 में फिटनेस जांच नहीं हुई है। नए सत्र शुरू होने पर जिन वाहनों की फिटनेस पास होगी वहीं, संचालित होने दिए जाएंगे। इस संबंध में संभागीय परिवहन कार्यालय द्वारा जनपद के समस्त स्कूल-कॉलेज संचालकों को वाहनों की फिटनेस कराने के लिए पत्र भेजे गए हैं। जिससे समय से पूर्व वाहनों की फिटनेस कराई जा सके। वहीं, पंचायत चुनाव में भी स्कूली वाहनों की आवश्यकता पड़ सकती है। इसके लिए संबंधित वाहन को अधिग्रहण किया जाएगा। इससे पूर्व वाहन स्वामी को सभी सुविधाएं दुरुस्त रखनी होंगी। एआरटीओ प्रशासन मोहम्मद कय्यूम ने बताया जनपद के समस्त स्कूली वाहनों की फिटनेस कराने के लिए पत्र जारी कर दिया है। नए शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पूर्व स्कूली वाहनों की फिटनेस होना अनिवार्य है।