नगर के एसबीआई और पीएनबी पर बृहस्पतिवार रात साइबर अटैक हुआ। कई ग्राहकों के खाते से शातिरों ने लाखों रुपये निकाल लिए। धन निकासी दिल्ली व फरीदाबाद के
एटीएम से की गई। रात में ही मोबाइल में मैसेज आते ही हड़कंप मच गया।
कई लोगों ने रात में अपने खाते लॉक करवा दिए। शुक्रवार को दिनभर बैंक शाखाओं में भीड़ लगी रही। इस मामले में सीआईएसएफ के आठ जवानों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नरौरा परमाणु ऊर्जा संयंत्र की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के अधिकांश जवानों के एसबीआई शाखा में एकाउंट हैं।
सीआईएसएफ जवानों ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि यूसी चौरसिया व रामअवतार ओरन के खाते से 77 हजार रुपए, एसके राठी, राजू एम, भूरे सिंह, के भोजिया, एमके रेड्डी के बैंक खाते से 40-40 हजार रुपये निकाले गए हैं। भूषण पासवान ने बताया कि उनका बैंक खाता एसबीआई मुख्य बाजार में है।
उनके खाते से शुक्रवार को 55 हजार रुपये निकाले गए हैं। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि उनके अलावा कुछ अन्य भी पीड़ित हैं। दर्जनों खाता धारकों ने अपने खातों पर रोक लगवा दी है । एसबीआई शाखा प्रबंधक विश्वेश्वर मिस्त्री ने इस बारे में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।
इन खातों से भी ठगों ने निकाले रुपये
एनएपीएस टाउनशिप स्थित एसबीआई शाखा की खाता धारक एईसीएस की अध्यापिका रिशुबाला उपाध्याय के खाते से 80 हजार रुपये निकाल लिए। पीएनबी के खाताधारक एनएपीएस कर्मचारी पुरुषोत्त्तम शर्मा के खाते से 50 हजार, प्रमोद कुमार निवासी मुख्य बाजार के खाते से 35 हजार एवं चंचल तिवारी पत्नी भवनेश्वर तिवारी के खाते से 35 हजार रुपये निकाले गए।
यह गडबड़ी एटीएम होल्डर्स के खातों से ही हुई है। पीएबी शाखा प्रबंधक केजी अग्रवाल ने बताया कि ग्राहक शिकायत लेकर आ रहे हैं। पूरी शिकायतें मिलने पर ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने कुछ खाता धारकों द्वारा खातों पर रोक लगवाए जाने की बात स्वीकार की। उन्होंने ग्राहकों से अपना एटीएम पिन जल्द बदलने की सलाह दी है।
पीड़ित परेशान, किसी पर नहीं कोई समाधान
बैंक खातों से धनराशि निकलने के मामले में कई पीड़ित अपनी समस्या के समाधान को भटक रहे हैं। बैक प्रबंधन पीड़ितों का प्रार्थना पत्र लेकर उच्चधिकारियों को रिपोर्ट देने की बात कह रहे हैं। दूसरी ओर पीड़ित पुलिस में शिकायत कर रहे हैं। कई पीड़ितों से शिकायत दर्ज नहीं किए जाने की शिकायत की है।
31 अगस्त से एक सितंबर के बीच निकले रुपये
ग्राहकों और बैंक प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक खातों से रुपये निकलने का सिलसिला 31 अगस्त से शुरू होकर 1 सितंबर तक चला। इसके बाद यह सिलसिला शुक्रवार तक जारी रहा। बताया जा रहा है कि लगातार शिकायतें आने पर बैंकों की अपनी साइबर टीम ने जांच शुरू कर दी है। खातों से रुपये निकालने का सिलसिला दिल्ली और फरीदाबाद के एटीएम से हुआ है जो अभी जारी है।
दिल्ली और फरीदाबाद के कई अलग-अलग एटीएम सेंटरों से धनराशि निकाली गई है। जिससे मामला वहीं का बनता है। लेकिन पुलिस मामले में जांच कर रही है। - एचएन सिंह, एसओ नरौरा
सीआईएसएफ के जवानों ने अचानक अपने खातों से रुपये निकलने की शिकायत की है। मामले की एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - पंकज कुमार पांडेय,एसपी देहात