साक्षर हत्याकांड मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी दीपक।
बुलंदशहर। साक्षर हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी दीपक को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन फावड़े भी बरामद किए हैं, जिनसे शव को दफनाने के लिए गड्ढा खोदा गया था। मामले में तीन आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।
मोहल्ला देवीपुरा निवासी 24 वर्षीय साक्षर की हत्या के बाद से ही मास्टरमाइंड दीपक पुलिस को छका रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें मंगलवार शाम से ही दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी यूपी के 30 से अधिक संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही थीं। बृहस्पतिवार को नगर कोतवाली टीम को सूचना मिली कि दीपक बदनौरा पुल के पास है और कहीं भागने की फिराक में है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा।
पुलिस जांच में यह बात पहले ही साफ हो चुकी है कि साक्षर की हत्या थर्ड जेंडर से संबंधों के विवाद को लेकर सुनियोजित तरीके से की गई थी। सोमवार को लापता हुए साक्षर का शव मंगलवार को सिकंदराबाद के बिलसूरी क्षेत्र स्थित एक सुनसान बाग में दबा हुआ मिला था। इस मामले में पुलिस ने बुधवार को थर्ड जेंडर अमन उर्फ अवंतिका, शुभम और देवेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन दीपक फरार चल रहा था।
पूछताछ के दौरान दीपक ने स्वीकार किया कि पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को गड्ढे में दफनाया गया था। सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि मुख्य आरोपी दीपक की गिरफ्तारी कर ली गई है। आरोपी से गहन पूछताछ की गई है और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।